Ladakh Weather: जंस्कार में सीजन का पहला हिमपात, लेह-मनाली रूट के लिए प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
कारगिल के पेंजिला में कारगिल-जंस्कार सड़क बर्फ से ढक गई। इससे लद्दाख के निचले इलाकों में भी ठिठुरन हो गई। जंस्कार के कई अन्य इलाकों में हिमपात हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लद्दाख के उच्च पर्वतीय इलाके जंस्कार में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। इससे लद्दाख के निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र लेह की ओर से लेह-मनाली रूट समेत ऊंचे दर्रों पर सावधानीपूर्वक आवाजाही का अलर्ट जारी किया गया है।
रविवार को कारगिल के पेंजिला में कारगिल-जंस्कार सड़क बर्फ से ढक गई। इससे लद्दाख के निचले इलाकों में भी ठिठुरन हो गई। जंस्कार के कई अन्य इलाकों में हिमपात हुआ है। अगले 12 घंटे तक मौसम खराब रहने के आसार है, जिसमें उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
लेह-मनाली, खारदुंगला, चांगला दर्रों से यातायात पुलिस की सलाह पर ही आवाजाही करें। इसके अलावा लोगों को इस दौरान गर्म कपड़े और खाद्य सामग्री साथ लेकर चलने को कहा गया है।
जम्मू कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में बढ़ी ठंड
उधमपुर में में रविवार सुबह से दोपहर तक बारिश होने के बाद तापमान में बहुत गिरावट आई है। शाम को शहरवासी बिना किसी परेशानी के पंखे बंद कर बैठ पाए। वहीं, ऊंचे पर्वतीय इलाकों में लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मौसम साफ रहने पर तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी की संभावना है।
मौसम का मिजाज शनिवार सुबह ही बदल गया था। लेकिन, शनिवार को दिन भर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हुई। रविवार सुबह करीब आठ बजे बारिश शुरू हुई, और दोपहर करीब 12 बजे तक रुक रुक कर बारिश होती रही। इससे अधिकतम तापमान में बहुत गिरावट आई।
शाम तक अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाम को मौसम इतना ठंडा था कि लोगों को पंखे की कमी महसूस नहीं हुई। शाम को मौसम सुहावना होने पर लोगों ने घरों से निकल कर मौसम का पूरा आनंद उठाया।
पर्वतीय इलाकों में तापमान में इतनी गिरावट आई कि लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए। शहर में तेज बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव हुआ और लोगों को इसके कारण परेशान होना पड़ा। नालियों का कचरा भी सड़कों पर पड़ा देखा गया।