बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़, परोसा खराब दलिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आंगनबाड़ी सेंटरों में एक्सपायरी दलिए की सप्लाई करने का मामला सामने आया है। मासूम बच्चों के लिए यह दलिया नुकसानदेह माना गया है। पुलिस ने दलिया सप्लाई करने वाली मिल को सील कर मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मिल से सैकड़ों एक्सपायरी दलिए के बैग बरामद किए हैं। इस मामले में कुछ सरकारी कर्मचारियों के नपे जाने की भी आशंका है।
मिल में एक्सपायरी दलिए को नई डेट के साथ बेचने संबंधी इस्तेमाल करने वाला सामान बरामद किया गया है, जिससे साफ है कि लंबे समय से मिल में यह घोटाला चल रहा था। पुरानी डेट हटाने वाला केमिकल, नई डेट लगाने वाली स्टैंप भी बरामद की है।
500 एक्सपायरी डेट के दलिए के पैकेट बरामद
नरवाल पुलिस को सूचना मिली थी कि नरवाल स्थित मिल में एक्सपायरी दाल सप्लाई की जा रही है, जो आईसीडीएस प्रोेजेक्ट के तहत आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले बच्चों के खाने के लिए इस्तेमाल की जाती है।
इसके बाद पुलिस टीम ने फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट की देखरेख में दलिया मिल में छापा मारा और सब कुछ साफ हो गया। पुलिस ने 500 एक्सपायरी डेट के दलिए के पैकेट बरामद किए। हर एक बैग में 25 दलिए के पैकेट थे।
इसके अलावा 256 दलिए के बैग (पुरानी डेट हटाकर नई डेट) के बरामद किए। पुरानी डेट को मिटाने वाला केमिकल भी बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि मिल में बैग की पुरानी डेट हटाकर नई डेट डालकर सप्लाई कर दी जाती थी।
नरवाल पुलिस चौकी प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि यह दाल और दलिया आंगनबाड़ी सेंटरों में सप्लाई होना था और सप्लाई किया भी जाता था। एफआईआर नंबर 211 में 420, 272 और 3/7 इंसेचियल एक्ट के तहत मिल के मालिक सुदेश कुमार निवासी छन्नी हिम्मत के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।