जम्मू कश्मीर: अनंतनाग में आतंकियों से मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को कामयाबी, दो दहशतगर्द ढेर
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के टंगपावा इलाके में आतंकियों से मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में रविवार को रात भर चली मुठभेड़ में टीआरएफ (लश्कर-ए-ताइबा) का जिला सरगना अपने सहायक के साथ मारा गया। ऑपरेशन में सेना के दो जवान तथा एक खोजी कुत्ता जूम भी घायल हुआ है। मारे गए आतंकियों से दो एके 47 राइफल व विस्फोटक बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि रविवार की रात जिले के टंगपावा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान घेरा आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। कई बार दहशतगर्दों को आत्मसमर्पण की अपील के बाद भी वे नहीं माने तो सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी और रात भर चली मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकियों को मार गिराया।
सूत्रों ने बताया कि इनकी शिनाख्त टीआरएफ के जिला सरगना मरहामा निवासी आसिफ अहमद रेशी उर्फ हुबैब उल इस्लाम तथा सहायक नई बस्ती मरहामा निवासी वकील भट उर्फ अबू ताल्हा के रूप में हुई है। एडीजीपी क श्मीर विजय कुमार ने बताया कि मारे गए दोनों स्थानीय दहशतगर्द कई आतंकी घटनाओं में शामिल थे।
आतंकियों को पहचान जूम ने हमला किया तभी फायरिंग में हो गया घायल
ऑपरेशन में सेना के खोजी कुत्ते जूम को उस मकान के अंदर भेजा गया जहां आतंकियों को घेरा गया था। सैन्य प्रवक्ता के अनुसार मकान के अंदर दाखिल होते ही जूम ने आतंकियों को पहचान कर उस पर हमला किया तभी छिपे आतंकियों ने फायरिंग कर दी। दो गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद भी उसने हार नहीं मानी और जूझता रहा, जिसके परिणामस्वरूप दो आतंकी मारे गए। उसे तत्काल मौके से निकालकर पशु चिकित्सालय भेजा गया जहां उसका इलाज चल रहा है। जूम को उच्च स्तर का प्रशिक्षण दिया गया है, जो आतंकियों को काबू करने में दक्ष है। वह दक्षिण कश्मीर में कई ऑपरेशन में शामिल रह चुका है।
वानीगाम में एक्सेल हुआ था शहीद
इस वर्ष 30 जुलाई को बारामुला जिले के वानीगाम बाला में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना ने अपना दो साल का असॉल्ट डॉग एक्सेल खो दिया था। सेना का यह असॉल्ट डॉग ऑपरेशन के दौरान रूम इंटरवेंशन के लिए अंदर दाखिल हो रहा था, लेकिन आतंकियों ने इसे अपनी गोलियों का निशाना बना डाला।
एक्सेल की पीठ पर एक कैमरा लगाया गया था ताकि रूम इंटरवेंशन के दौरान आतंकवादियों की सही जानकारी सेना तक पहुंच सके और वह आसानी से ऑपरेशन को अंजाम दे सकें। जैसे ही खोजी कुत्ता मुठभेड़ स्थल पर मकान में दाखिल होने लगता तो आतंकियों ने इस पर फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से उसकी जान चली गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 15 अगस्त को असाल्ट को उसकी बहादुरी के लिए वीरता पुरस्कार देने की घोषणा की।
दक्षिण कश्मीर में सप्ताह भर से कम समय में तीन मुठभेड़, छह दहशतगर्दों का सफाया
दक्षिण कश्मीर में एक सप्ताह से भी कम समय में तीन मुठभेड़ में छह दहशतगर्दों का सफाया करने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली है। रविवार को अनंतनाग में लश्कर के दो आतंकी मारे गए। इसके पहले शोपियां में पांच अक्तूबर को हुई मुठभेड़ में चार आतंकी मारे गए थे। दो ऑपरेशन में जैश ए मोहम्मद के तीन व लश्कर ए ताइबा के दो दहशतगर्दों को मार गिराया गया है।