{"_id":"b98880f14f38858fb8163d33d85df446","slug":"election-commission-of-india-establish-evms-bank-in-many-regional-of-country-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"देशभर में ईवीएम बैंक स्थापित करने की योजना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
देशभर में ईवीएम बैंक स्थापित करने की योजना
ब्यूरो/अमर उजाला, जम्मू
Updated Sat, 12 Dec 2015 11:18 PM IST
विज्ञापन
देशभर में क्षेत्रीय ईवीएम बैंक स्थापित करने की योजना है। मुंबई, कोलकाता, चंडीगढ़ सहित सभी जोन में एक ईवीएम बैंक स्थापित किया जाएगा। इसके लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी राज्यों के सीईओ से इस बारे में राय भी मांगी गई है।
विज्ञापन
सूत्रों ने बताया कि पिछले दिनों राज्य के सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारियों की हुई बैठक में इस बारे में विचार किया गया। यह विचार आया कि अभी राज्यों के पास पर्याप्त संख्या में ईवीएम नहीं हैं। इस वजह से उन्हें दूसरे राज्यों से ईवीएम मंगवानी होती हैं।
विज्ञापन
कई बार इसमें व्यवधान भी उत्पन्न होता है। ऐसे में यदि जोन वार ईवीएम बैंक बन जाए तो काफी सहूलियत रहेगी। उत्तर, दक्षिण, पूर्व, पश्चिम के अलावा दो और जोन बनाकर बैंक स्थापित कर दिया जाए। यहां ईवीएम रहेंगी और संबंधित राज्य अपनी जरूरतों के मुताबिक किराए पर बैंक से ईवीएम ले सकेंगे।
विज्ञापन
सूत्रों ने बताया कि बैंक के लिए सभी राज्य अपना योगदान करेंगे। हालांकि, बैंक में कितने ईवीएम होंगे यह अभी तय नहीं हो पाया है। जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शांतमनु ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि बैठक में ईवीएम बैंक स्थापित करने पर सहमति बनी है।
उम्मीद है कि इस दिशा में जल्द ही कार्रवाई सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि बैठक में देश भर में पंचायत चुनाव पर भी बात हुई। यह विचार आया कि पंच तथा सरपंच के लिए मतदान एक साथ कराया जाए, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई।
कहा गया कि सभी राज्यों के अपने-अपने कानून हैं। इस वजह से एकरूपता लाने की बाध्यता थोपना उचित नहीं होगा। राज्य जैसे चाहें वैसे चुनाव करवाएं।