दिल्ली में रक्षा मंत्रालय ने कब्जाई जम्मू कश्मीर सरकार की जमीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर सरकार ने दिल्ली के कश्मीर हाउस की 96 कनाल जमीन केंद्र से वापस मांगी है। दिल्ली के राजाजी मार्ग स्थित कश्मीर हाउस की 96 कनाल जमीन पर फिलहाल रक्षा मंत्रालय का कब्जा है।
इसके अलावा एक कनाल जमीन सीपीडब्ल्यूडी के पास है। इसी तरह हरियाणा के सिरसा में 1251 कनाल जमीन पर हरियाणा सरकार से विवाद चल रहा है। मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद अगले सप्ताह अपने दिल्ली दौरे में रक्षा मंत्री से दिल्ली की जमीन की वापसी की विधिवत मांग करने वाले हैं।
दिल्ली के राजाजी मार्ग स्थित कश्मीर हाउस में कुल 114 कनाल 11 मरला जमीन है जिसमें से मात्र 17 कनाल ही जम्मू-कश्मीर सरकार के पास है। इस पर 75 सरकारी क्वार्टर बने हैं। इनमें विभिन्न विभागों के कर्मचारी- अधिकारी रहते हैं।
जमीन पर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग का भी कब्जा
कश्मीर हाउस की 96 कनाल जमीन रक्षा मंत्रालय के मिलिट्री इंजीनियरिंग विभाग के पास है। जम्मू-कश्मीर की ओर से पहले इस मुद्दे को नार्दर्न जोन काउंसिल की बैठक में उठाया जा चुका है।
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस बाबत केंद्र को पत्र लिखा था और तत्कालीन केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम से बैठक में भी जमीन वापसी की मांग की थी।
मुख्यमंत्री मुफ्ती अगले सप्ताह इस बाबत रक्षा मंत्री मनोहर परिकर से मुलाकात करने वाले हैं। मुफ्ती सोमवार को ही दिल्ली आने वाले थे, लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया। अब वह अगले सप्ताह दिल्ली आएंगे। कश्मीर हाउस की एक कनाल 17 मरला जमीन पर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग का कब्जा है।