पत्नी ने प्रेमी संग किया था पति का कत्ल, बच्चों ने किया खुलासा
जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में हुई एक हत्या की गत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। जांच में सामने आया कि एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की थी। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस स्टेशन हाजिन को रविवार को सूचना मिली कि फयाज अहमद डार (35) का शव उसके घर के बाथरूम में पड़ा है। इसके तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। शुरुआत में जिस हालत में शव बरामद हुआ, उससे लगा कि यह हत्या का मामला है।
एसएसपी बांदीपोरा ने बताया इस घटना में आरपीसी की धारा 302 के अंतर्गत एफआईआर संख्या 42/2016 दर्ज की गई और मामले की जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि बरामद किए गए शव की गर्दन पर ताजा घाव थे और उसे मुंह से खून निकल रहा था। इससे साफ लग रहा था कि यह एक हत्या है।
बच्चों ने किया खुलासा
उन्होंने बताया कि इस हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए एसडीपीओ राशिद अकबर के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। इसमें उनका सहयोग एसएचओ हाजिन परवेज अहमद दे रहे थे। मामले की जांच के दौरान मृतक की पत्नी जमरूदा बेगम से पूछताछ की गई, लेकिन उसने इसके बारे में किसी प्रकार जानकारी न होने की बात कही।
बाद में पुलिस ने उसके पास मोबाइल फोन के बारे में पूछा, जिसको लेकर उसने कहा कि पिछले दो वर्षों से वह कोई मोबाइल इस्तेमाल नहीं कर रही है। लेकिन उसके बच्चों ने उसके द्वारा बोले गए झूठ की पोल खोल दी।
उन्होंने बताया कि उनकी मां के पास एक मोबाइल फोन है, जिसका वह छुपकर प्रयोग किया करती थी। बच्चों द्वारा बताई गई इस बात के बाद पुलिस को हत्या में उसके शामिल होने पर शक हुआ, क्योंकि उसके द्वारा पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई थी।
ऐसे रची थी मर्डर की साजिश
अधिकारी के अनुसार मामले में जांच को आगे बढ़ते समय यह बात सामने आई कि मृतक को अपनी पत्नी के हाजिन के ही रहने वाले शौकत अहमद भट के साथ अवैध संबंधों को लेकर शक था। इसकारण पति-पत्नी में मतभेद रहता था, जोकि बढ़ता गया। यह बात सामने आने पर शौकत को पुलिस ने हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। इस दौरान उसने कबूल किया कि उसका मृतक की पत्नी के साथ संबंध था। वे पिछले कुछ वर्षों से करीब आ चुके थे।
फयाज की पत्नी जमरूदा ने अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए शौकत के साथ साजिश रची। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे जमरूदा ने शौकत के साथ फोन पर संपर्क साधा और उसे अपने घर बुलाया। करीब साढ़े दस बजे शौकत एक खिड़की से मकान में दाखिल हुआ जो जमरूदा ने खुली रखी थी।
दोनों फयाज के कमरे में घुसे, जहां शौकत उसके दोनों हाथ पकड़कर उसकी छाती पर बैठ गया और जमरूदा ने उसका गला दबा कर हत्या कर दी। बाद में उन्होंने लाश को बाथरूम में पहुंचाया, ताकि हत्या का शक किसी को न हो।