दो बाइक की टक्कर में हेड कांस्टेबल की मौत
आरएस पुरा-जम्मू सड़क मार्ग पर मंगलवार दोपहर को टाली मोड़, मीरां साहिब में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। इस हादसे में हेड कांस्टेबल कुलबीर सिंह की मौत हो गई। कुलबीर सिंह चट्ठा पुलिस चौकी में तैनात थे और गांव चौआला के रहने वाले थे।
इससे पहले उन्हें घायल अवस्था में जीएमसी लाया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके अलावा दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक हेड कांस्टेबल कुलबीर सिंह रोजाना की तरह सुबह चट्ठा पुलिस चौकी आए और दिनभर काम करने के बाद करीब सवा एक बजे दोपहर को वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर जा रहे थे।
चट्ठा पुलिस में तैनात था पुलिसकर्मी
जैसे ही वह टाली मोड़, मीरां साहिब के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कुलबीर सिंह को गंभीर चोट लगी। इसके अलावा दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों को भी गंभीर चोटें आईं।
पुलिस को जानकारी मिली तो घायलों को पहले उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया। जीएमसी में कुलबीर सिंह ने कुछ घंटों के बाद दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी बाइक के घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंपकर घर से बाहर रह रहे उनके बेटों को सूचित कर दिया है। मीरां साहिब पुलिस ने दोनों बाइक सीज करके केस दर्ज दर्ज कर लिया है।