जम्मू कश्मीरः कोविड लैब को जिला स्तर पर सैंपल देने की तैयारी, आईसीएमआर को भी जाएगी रिपोर्ट
जम्मू कश्मीर में कोविड सैंपल टेस्टिंग को गति देने और पारदर्शिता लाने के लिए नए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत जम्मू की कोविड लैबों को जिला स्तर पर अलग-अलग क्षेत्रों की सैंपलिंग प्रक्रिया दी जाएगी। जिसमें संबंधित जिलों की रिपोर्ट संबंधित लैब से ही मिल सकेगी। इस नई व्यवस्था के साथ सैंपलिंग के दौरान मरीज की जानकारी नए आरटी-पीसीआर एप में दर्ज की जाएगी। सैंपलिंग रिपोर्ट की सीधी जानकारी आईसीएमआर (इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च) को भी भेजी जाएगी।
जम्मू में जीएमसी की माइक्रोबायोलाजी लैब, आईआईआईएम, सीडी अस्पताल की लैब, कमांड अस्पताल उधमपुर में संभाग स्तर के कोविड सैंपलों के टेस्ट किए जा रहे हैं। जम्मू में प्रतिदिन टेस्टिंग की औसत 800-900 के बीच है, जबकि कमांड अस्पताल में यह आंकड़ा 1400-1700 के बीच है। अभी तक संभाग स्तर पर लखनपुर, कठुआ, जम्मू, उधमपुर, सांबा आदि जिलों में कोविड सैंपल लेकर जम्मू और कमांड अस्पताल में भेजे जा रहे हैं।
लेकिन सैंपलों का लोड अधिक होने के कारण बड़ी संख्या में सैंपल दिल्ली स्थित लाल पैथ लैब और श्रीनगर की लैब में भी भेजे जा रहे हैं। इसमें सभी जिलों के सैंपल मिक्स होते हैं। लेकिन नई व्यवस्था में कोविड लैबें अलग-अलग जिले में बांटी जा रही हैं, जिसमें संबंधित जिलों के टेस्ट वहीं पर किए जाएंगे।
जीएमसी में पांच जिलों के सैंपल भेजेंगे
सूत्रों के अनुसार जीएमसी को जिला पुंछ, रियासी, डोडा, किश्तवाड़, जम्मू के सैंपल देने की तैयारी की जा रही है। इसी तरह आईआईआईएम में राजोरी, गांधीनगर आदि क्षेत्रों के सैंपल भेजे जाएंगे। इसी तरह कमांड अस्पताल उधमपुर में उधमपुर से जुड़े जिलों के सैंपल भेजे जाएंगे।
सैंपलिंग की सारी जानकारी आरटी-पीसीआर एप पर डाली जाएगी, जिसमें मरीज से फार्म आदि भरवाने की जरूरत नहीं होगी। जिला पुंछ में आरटी-पीसीआर एप को शुरू किया जा चुका है। इसका उद्देश्य सैंपलिंग और टेस्टिंग प्रक्रिया में समय को कम करना, जल्दी रिपोर्ट लाना, पारदर्शिता बढ़ाना आदि है।