राजोरी में रावण दहन की जगह पर विवाद, प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर में विजयदशमी से पहले ही रावण दहन पर घमासान मच गया है। दरअसल, वर्षों से जिस भूमि पर रावण दहन किया जाता है, उस भूमि पर कुछ लोगों मालिकाना हक होने का दावा किया गया है।
जवाहर नगर में दशहरा स्थल की जमीन पर रावण के पुतले को जलाने की अनुमति न देने पर भड़के लोगों ने बुधवार देर शाम सड़क बंद कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों से इस जगह पर रावण दहन होता आया है। लेकिन इस वर्ष कुछ लोग जमीन पर अपना हक बताकर रावण को जलाने की मनाही कर रहे हैं, जिसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों की अगुवाई करते हुए भाजपा के जिला प्रधान भारत भूषण वैद्य और जवाहर नगर व्यापार मंडल के प्रधान मिंटा साहनी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से वह लोग दशहरा स्थल पर ही रावण दहन कर रहे हैं।
यह जमीन दशहरा स्थल की है। लेकिन, उक्त जमीन पर मालिकाना हक का दावा करने वालों ने कहा कि इस साल दशहरा स्थल पर वह रावण दहन नहीं करने देंगे। क्योंकि इस जगह पर उनका मालिकाना हक है।
वीरवार सुबह 9 बजे तक का अल्टीमेटम
इसके विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। मामले को बिगड़ता देख डीएसपी हेडक्वार्टर और एसएचओ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश की और कहा कि इस जमीन के अलावा कहीं और दशहरा मना लें। पर प्रदर्शनकारियों ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया।
इसके बाद उपायुक्त राजोरी जतिंदर सिंह ने प्रदर्शनकारियों से फोन पर बात की। वीरवार सुबह जिला उपायुक्त ने इस मामले में बैठक बुलाई है। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
हालांकि, लोगों की ओर से चेतावनी दी गई है कि यदि उनको रावण दहन उसी जमीन पर नहीं करने दिया तो राजोरी में दो दिन की बंद की काल दी जाएगी। इस संबंध में जिला उपायुक्त जतिंदर सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।