जम्मू कश्मीर: रामबन में यात्री बस को आईईडी से उड़ाने की साजिश नाकाम, हिरासत में चालक-परिचालक
रामबन एसएसपी मोहिता शर्मा के अनुसार, हाईवे पर पुलिस, सेना और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने शुक्रवार को नाशरी सुरंग के इलाके में नाका लगाया था। सुरक्षा बलों ने मेटाडोर की तलाशी लेनी शुरू की तो उन्हें एक सीट के नीचे संदिग्ध बैग नजर आया।
विस्तार
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाशरी नाके के पास शुक्रवार की सुबह सुरक्षाबलों ने इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइज (आईईडी) लगाकर यात्री बस उड़ाने की एक आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। नाके पर सुरक्षाबलों ने यात्री बस से तलाशी के दौरान एक लावारिस बैग में छिपाकर रखा गया विस्फोटक बरामद किया।
हालांकि अभी यह नहीं पता चल पाया है कि यह विस्फोटक कहां और किसने रखा था। सुरक्षाबल मामले की जांच कर रहे हैं। इस आईईडी को बाद में बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। फिलहाल मेटाडोर के चालक व परिचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रामबन एसएसपी मोहिता शर्मा के अनुसार, हाईवे पर पुलिस, सेना और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने शुक्रवार को नाशरी सुरंग के इलाके में नाका लगाया था। दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे रामबन से बटोत जा रही यात्री बस (जेके06-0858) को नाके पर रोका गया।
सुरक्षा बलों ने मेटाडोर की तलाशी लेनी शुरू की तो उन्हें एक सीट के नीचे संदिग्ध बैग नजर आया। बस सवार यात्रियों से जब इस बारे में पूछा गया तो किसी ने भी इसकी जिम्मेदारी नहीं ली। बैग की तलाशी लेने पर उसमें संदिग्ध वस्तु नजर आई।
इसके बाद सुरक्षाबलों ने बस को रोक कर सेना, पुलिस व सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इस दौरान सभी यात्रियों, चालक व सहचालक को उतारकर एक-एक से पूछताछ की गई। मेटाडोर को राजमार्ग के किनारे एक सुनसान जगह पर ले जाया गया।
बम निरोधक दस्ते को बुला लिया गया। बम निरोधक दस्ते ने बैग की तलाशी ली तो उसमें आईईडी मिली। सेना और पुलिस के बम निरोधक दस्ते की टीमों द्वारा नाशरी नाला में एक सुनसान जगह पर निष्क्त्रिस्य कर दिया गया।
वाहन चालकों के सतर्क रहने की सलाह
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने बस व ट्रक चालकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और अपने वाहनों को हमेशा चेक करते रहें। हम ट्रक चालकों, टैक्सी चालकों से खतरे को समझने की लगातार अपील कर रहे हैं।
सुरक्षाबलों की सतर्कता से यात्री वाहन में आईईडी बरामद कर एक बड़ी वारदात को टाल दिया गया। फिलहाल यात्रियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। जबकि चालक व परिचालक से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है। -मोहिता शर्मा, एसएसपी, रामबन
कुलगाम पुलिस ने दो आईईडी को किया निष्क्रिय
कुलगाम पुलिस ने जिले के फ्रिसल इलाके में आतंकवादियों द्वारा लगाए गए दो आईईडी का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया है। जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। पुलिस द्वारा पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला जा रहा है।
J&K | Major tragedy averted by detecting & subsequently diffusing two IEDs planted by terrorists in Frisal area of the district, say Kulgam Police. Search operation underway. pic.twitter.com/L8Ohd30Ss8
— ANI (@ANI) November 26, 2022