कांग्रेस हाईकमान का आदेश: परिसीमन आयोग से श्रीनगर और जम्मू दोनों जगह मुलाकात करें पार्टी नेता
छह-सात जुलाई को आयोग की टीम कश्मीर और आठ-नौ जुलाई को जम्मू संभाग का दौरा करेगी। छह जुलाई को श्रीनगर में राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधिमंडलों से आयोग की टीम मुलाकात करेगी और आठ जुलाई को जम्मू में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल आयोग से मिल सकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
परिसीमन आयोग से श्रीनगर, जम्मू दोनों स्थानों पर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मुलाकात करेगा। प्रदेश कांग्रेस हाईकमान ने अपनी जिला इकाइयों के नेताओं से कहा है कि वे संबंधित जिला उपायुक्तों के संपर्क में रहें और आयोग की टीम से उनके जिलों के दौरे के दौरान मुलाकात करें।
कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता रवींद्र शर्मा ने कहा कि जम्मू संभाग के सात जिलों को आयोग से मिलने के लिए एक घंटे का समय और कश्मीर में पांच जिलों को आधे घंटे का समय दिया गया है। कहा कि आयोग को प्रदेश के प्रत्येक जिले का दौरा करना चाहिए और नेताओं के अलावा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का पक्ष भी परिसीमन को लेकर जानना चाहिए।
परिसीमन आयोग के जम्मू दौरे के लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। आठ जुलाई को होटल रेडिसन ब्लू में दोपहर साढ़े तीन से शाम साढ़े छह बजे तक राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधिमंडल परिसीमन आयोग से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्रों पर अपना पक्ष रखेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सभी प्रमुख पार्टियों कांग्रेस, भाजपा, नेकां, पीडीपी, अपनी पार्टी, सीपीआई, पैंथर्स पार्टी को न्यौता दे दिया गया है। अन्य संगठन जिला उपायुक्त के माध्यम से आयोग से मिल सकते हैं। इसके लिए संगठनों को चार जुलाई को दोपहर 12 बजे तक अपना आग्रह जिला उपायुक्तों से करना था।
वहीं, इकजुट जम्मू के अध्यक्ष एडवोकेट अंकुर शर्मा का कहना है कि उनका संगठन आयोग से मुलाकात नहीं करेगा। उनका कहना है कि आयोग 2011 की जनगणना के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन कर रहा है।
इससे जम्मू संभाग के साथ न्याय नहीं होगा। ऐसे में आयोग से मिलने का कोई लाभ होने वाला नहीं। छह से नौ जुलाई तक परिसीमन आयोग अध्यक्ष जस्टिस (रिटायर्ड) रंजना प्रकाश देसाई की अगुवाई में जम्मू-कश्मीर का दौरा करेगा। इस दौरे में मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा भी आयोग की टीम में शामिल रहेंगे।
यह भी पढ़ें- महबूबा मुफ्ती की चेतावनी: अगर पीडीपी के किसी भी व्यक्ति के साथ कुछ हुआ तो प्रशासन होगा जिम्मेदार