जम्मू-कश्मीर में उद्यमियों को मिली बड़ी सौगात, सीएम ने किये कई बड़े एलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत के उद्यमियों के लिए बड़ी राहत है। सरकार ने विभिन्न विभागों से एनओसी की मांग की बोझिल प्रक्रिया को दूर करने के लिए एक इकाई स्थापित करने के वक्त केवल एक ही पेज का घोषणा पत्र लिए जाने संबंधी फैसला लिया। अफसरों और युवा उद्यमियाें के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने इस बाबत जानकारी दी।
हालांकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और विद्युत विभाग से एनओसी क्रमश: 60 और 30 दिन के भीतर लेनी अब भी जरूरी होगी। एकल खिड़की सिस्टम से ऋण को और सुविधाजनक बनाने के लिए ईडीआई परिसर में जेएंडके बैंक की नई शाखा खोलने का भी निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने इसे स्टार्टअप के लिए एक अहम कदम करार दिया।
उन्होंने 2014 की बाढ़ और 2016 की अशांति के दौरान नुकसान भुगतने वाले युवा उद्यमियों के वित्त पोषण और ऋण पुनर्गठन के भी निर्देश दिए। उन्होंने उद्योग विभाग को श्रीनगर में एमएसएमई परिसर को सुरक्षा बलों से खाली कराने और वहां से कार्यालय का फिर कामकाज शुरू करने को कहा। इस दौरान ईडीआई में उद्यमिता आधारित एक डिप्लोमा कोर्स शुरू करने पर भी निर्णय हुआ।
क्रास एलओसी ट्रेड को बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने रियासत में क्रास एलओसी ट्रेड को बढ़ावा देने पर जोर दिया है। क्रास एलओसी ट्रेड की समीक्षा से जुड़ी बैठक में उन्होंने जांच में असुविधा को दूर करने के कदम उठाने को कहा। सभी संबंधित एजेंसियों से एकल खिड़की से निकासी के निर्देश दिए।
कुछ दिन पहले ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर, सलामाबाद और चक्का दा बाग से व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। फर्जी व्यापारिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की थी।
बैठक में मुख्य सचिव बीबी व्यास, प्रमुख सचिव गृह आरके गोयल, एडीजीपी सुरक्षा दिलबाग सिंह, आयुक्त सचिव उद्योग शैलेंद्र कुमार, आईजी सीआईडी एजी मीर, उपायुक्त बारामूला निदेशक उद्योग नाजिम जिया आदि मौजूद रहे।