जम्मू-कश्मीरः बीएसएफ जवान का पांव फिसला, खाई में गिरने से मौत
राजोरी जिले के सुंदरबनी में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हेड कांस्टेबल वीरपाल सिंह की खाई में गिरने से मौत हो गई। वह उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के रहने वाले थे। उनका पार्थिव शरीर गृह जिले को भेज दिया गया है।
बताया जाता है कि सीमा सुरक्षा बल की 69वीं बटालियन के हेड कांस्टेबल वीरपाल सिंह भारत-पाकिस्तान सीमा की दादल पोस्ट पर तैनात थे। रात में गश्त के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह सौ फुट गहरी खाई में गिर गए। उनके लापता होते ही साथी जवानों ने उसकी तलाश शुरू की और खाई से शव को निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनका शव वहां से निकालकर सुंदरबनी ले जाया गया।
पोस्टमार्टम और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव के लिए रवाना कर दिया गया। वह उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के भग्गी पुर्वा गांव के रहने वाले थे। बेटे चमन ने बताया कि पिता वर्ष 1995 में अहमदाबाद में 69 बटालियन बीएसएफ में भर्ती हुए थे।