खुलासा: बस सवार सभी अमरनाथ यात्रियों को मारने की मंशा से आए थे आतंकी
दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में अमरनाथ यात्रियों की बस पर हमला करने आए आतंकी सभी यात्रियों को मारने का मन बनाकर आए थे। चश्मदीद ने बताया कि बस के कंडक्टर ने जल्द बस का दरवाजा बंद कर समझदारी का काम किया। बस में सवार यात्रियों ने ड्राइवर की सूझबूझ को सलाम किया।
अनंतनाग जिले के बटेंगू में अमरनाथ यात्रियों की बस पर हुए हमले के बाद एक बड़ा खुलासा हुआ है। बस में हमले के समय सवार एक चश्मदीद ने बताया कि आतंकी सभी यात्रियों के सफाये का मन बनाकर पहुंचे थे। जिस समय यह हमला हुआ तो ऐसा लगा कि जैसे गेम में फायरिंग होती है वैसी ही आवाजें आई।
आतंकियों ने की थी बस में दाखिल होने की कोशिश
हमले के समय बस की रफ्तार कुछ धीमे हो जाने के चलते आतंकियों ने बस में दाखिल होने की कोशिश की लेकिन समय रहते कंडक्टर ने दरवाजा बंद कर दिया। इसके कारण वह बस में नहीं चढ़ पाए। अगर वह बस में चढ़ जाते तो कोई यात्री जिंदा नहीं बचता।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व जम्मू कश्मीर पुलिस को यह इनपुट मिला था कि आतंकी आने वाले दिनों में 100 से 150 अमरनाथ यात्रियों और 100 पुलिस कर्मियों को निशाना बना सकते हैं। माना यह जा रहा है कि यात्रियों पर हुआ यह हमला भी उसी की एक कड़ी है।