मुफ्ती सरकार ने दिया अच्छे दिनों का संकेत, पढ़ें खबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत के शिक्षित बेरोजगारों के लिए अच्छी खबर है। अब सरकार उन्हें तीन साल के लिए मासिक बेरोजगारी भत्ता देगी। वित्त मंत्री हसीब द्राबू ने सदन को सूचित करते हुए कहा कि इसके लिए अलग-अलग स्लैब बनाए गए हैं। दसवीं या उससे ऊपर शिक्षा पा चुके बेरोजगार युवा तीन साल तक उक्त भत्ता पाने के हकदार होंगे, बशर्ते उनकी उम्र 26 से 37 साल के बीच हो।
द्राबू ने यह जानकारी विधायक मोहम्मद अकबर लोन के सवाल पर दी। उन्होंने बताया कि सरकार के पास कोई नया प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन नहीं है। विधायक विकार रसूल के सवाल पर वित्त मंत्री ने कहा कि रियासत के पिछड़े क्षेत्र के विकास के लिए ‘बैकवर्ड एरिया डेवलपमेंट पाकेट स्कीम’ के तहत फंड बढ़ाने का अभी कोई प्रस्ताव नहीं है।
विधायक नजीर अहमद गुरेजी, असगर करबलाई, जीएम सरूरी ने इस फंड को बढ़ाने की अपील की। सीडीएफ के तहत 2012-13 में एक करोड़ के फंड को बढ़ाकर डेढ़ करोड़ प्रति वर्ष फंड किया गया था। इसमें भी वर्तमान में किसी तरह की वृद्धि का प्रस्ताव नहीं है। रामबन में आयोजित जिला विकास बोर्ड की बैठक में लिए गए फैसलों के स्टेटस की भी सदन को उन्होंने जानकारी दी।
जम्मू में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा: लोन
कृषि मंत्री गुलाम नबी लोन ने वीरवार को विधान परिषद में प्रश्न काल के दौरान भाजपा सदस्य चरणजीत सिंह के जम्मू में पर्यटन संबंधी सवाल के जवाब में कहा कि जम्मू समेत पूरी रियासत में सरकार की पर्यटन संबंधी ढांचे को मजबूत करने की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जम्मू में सरूईंसर, मानसर के अलावा आरएस पुरा में भी पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
मानसर में हाई मास्ट लाइट और सोडियम लाइटें मानसर झील के आसपास लगाई जाएंगी। आरएस पुरा में घराना में भी पर्यटन संबंधी ढांचा सृजित किया जाएगा।
तवी में कृत्रिम झील का निर्माण कार्य 69.70 करोड़ की राशि से जारी हैं, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले। सिद्दड़ा में गोल्फ कोर्स, रघुनाथ बाजार का सौंदर्र्यीकरण, मुबारक मंडी में रोपवे प्रोजेक्ट, बाघा बार्डर की तर्ज पर बार्डर टूरिज्म को बढ़ावा देने की भी कोशिश होगी। अखनूर में जिया पोता घाट के विकास, विजयपुर में पवित्र बाबा चमलेयाल स्थल के आसपास भी पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा।
स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ नियुक्ति होंगे
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री लाल सिंह ने सदन को सूचित किया कि सरकार रियासत के तमाम अस्पतालों में आवश्यक स्टाफ सुनिश्चित करेगी। खासकर दूरदराज वाले क्षेत्रों में मेडिकोज और पारा स्टाफ को नियुक्त किया जाएगा। विधानसभा में मोहम्मद अली द्वारा उठाए गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से निर्धारित नार्म के तहत स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रतनीपोरा, कोली और पुच्छल उपकेंद्रों को अपग्रेड किया गया है और उनमें तीन डाक्टरों और तीन नर्सिंग स्टाफ के पद सृजित किए गए हैं। राजपोरा प्राइमरी हेल्थ सेंटर को भी कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर के रूप में अपग्रेड किया गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि पीएचसी पारीगम, गुलजार पोरा, पंजगाम, लित्तर और नेवाह को अपग्रेड करने का अभी प्रस्ताव नहीं है।
'भवन निर्माण के बारे में बोले डिप्टी सीएम'
विधान परिषद में वीरवार को उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने कहा कि बहुमंजिला इमारतों या फिर कालोनी के निर्माण में नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं होगा। उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस सदस्य जुगल किशोर के सवाल के जवाब कुछ इस तरीके से जवाब दिया।
इससे पूर्र्व विप सदस्य के सवाल का जवाब देते हुए शहरी विकास राज्य मंत्री अशरफ मीर ने कहा कि जेडीए और जम्मू नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन कंट्रोल अथारिटी अपने संबंधित क्षेत्राधिकार में बहु मंजिला इमारतों के निर्माण को तय नियमों के आधार पर मंजूरी प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के नियमों के उल्लंघन पर हाईकोर्ट के निर्देशानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जन वितरण योजना जल्द पूरी होगी
डोडापथरी में पर्यटन परियोजना
कृषि मंत्री गुलाम नबी लोन ने सदन में बताया कि डोडापथरी में 10.99 करोड़ रुपये के तीन पर्यटन परियोजनाओं पर काम चल रहा है। केंद्र मदद वाली इस परियोजना में केंद्र से 7.72 करोड़ रुपये रिलीज हो चुके हैं। इसमें 3.26 करोड़ से बनने वाला डोडापथरी टूरिस्ट सेंटर भी शामिल है। विधायक एमवाई तारीगामी की ओर से उठाए गए सवाल पर मंत्री हाकिम मोहम्मद की ओर से लोन जवाब दे रहे थे।
40294 सीएफटी टिंबर वितरित किए
वन मंत्री बाली भगत ने सदन को सूचित किया कि गुलमर्ग विधानसभा क्षेत्र में सरकार की ओर से फरवरी माह तक 40,294 क्यूबिक स्कवायर फीट (सीएफटी) टिंबर वितरित किए हैं, जबकि 52,000 का लक्ष्य है। विधायक मोहम्मद अब्बास वानी के प्रश्न पर मंत्री ने कहा कि पिछले दो साल में 1.056 लाख सीएफटी टिंबर टंगमर्ग से इकट्ठा किया गया।
जन वितरण योजना जल्द पूरी होगी
पीएचई, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री सुखनंदन ने सदन को सूचित किया कि बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुई पांच सिंचाई योजनाओं में से गोरीपोरा, क्रेशबल, नूरबाग और छुंछ फकीर को शुरू कर दिया गया है। मुबारक गुल के सवाल पर मंत्री ने मंत्री ने बताया कि स्थायी मरम्मत के लिए 60 लाख रुपये जारी किए गए हैं और काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होेंने बताया कि उपजिला अस्पताल सोपोर में वाटर सप्लाई स्कीम के तहत 24 घंटे पानी सप्लाई शुरू कर दी गई है।
स्पीकर ने अवार्ड कमेटी की घोषणा की
बीएसी के सदस्य घोषित
विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता ने वीरवार को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) के सदस्यों को मनोनीत किया। विस अध्यक्ष स्वयं कमेटी के चेयरमैन होेंगे। कमेटी के अन्य सदस्यों में उपमुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, कानून, न्याय व संसदीय मामलों के मंत्री सैयद बशरत बुखारी, विधायक मियां अल्ताफ अहमद, हकीम मोहम्मद यासीन, एमवाई तारीगामी, नवांग रिंगजिन जोरा, जहूर अहमद मीर और अजय नंदा शामिल हैं। विधायक राजीव जसरोटिया और बशीर अहमद डार कमेटी के विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे।
स्पीकर ने अवार्ड कमेटी की घोषणा की
विधानसभा स्पीकर कवींद्र गुप्ता ने सर्वश्रेष्ठ विधायक 2015 अवार्ड की चयन समिति की घोषणा की। इसमें विधानसभा के पूर्व स्पीकर अली मोहम्मद नायक, पूर्व विधायक रफी अहमद मीर और पत्रकार संजीव परगवाल को शामिल किया गया है। कमेटी मध्य दिसंबर 2015 तक या उससे पहले अपनी रिपोर्ट सौंप देगी और उसी माह के अंत में अवार्ड के लिए नामों की घोषणा कर दी जाएगी।