दो कुनबों के राज से ऊब गई है जनता: शाह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में भाजपा के नव नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने विरोधियों के प्रति तीखे तेवर अपनाए। जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव पर शाह का विशेष ध्यान रहा।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति के कुछ कुछ संकेत देते हुए शाह ने अपने संबोधन के दौरान दो राजनीतिक दलों सत्ताधारी नेशनल कांफ्रेंस और प्रमुख विपक्षी दल पीडीपी पर जमकर निशाना साधा।
शाह ने कहा कि दोनों कुनबों के राज से जनता ऊब गई है। दोनों ने रियासत के विकास के लिए मिलने वाले फंड का दुरुपयोग किया है।
जम्मू-कश्मीर के लोग चाहते हैं व्यापक बदलाव
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि रियासत के मौजूदा हालात बहुत बुरे हैं। रियासत में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया ताकि पार्टी को चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल हो।
अवाम को सुशासन देने वाली सरकार मिल सके। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, कुशासन और तुष्टिकरण की राजनीति से बुरी तरह ऊब चुके जम्मू-कश्मीर के लोग अन्य राज्यों की तरह ही व्यापक बदलाव चाहते हैं।
इस बेहद संवेदनशील राज्य में भी लोगों को भाजपा से बेहद उम्मीदें हैं। उम्मीद जताई है कि बदलाव की राह देख रहे जम्मू एवं कश्मीर में भी आम चुनाव की तरह ही विधानसभा चुनाव में भी चामत्कारिक परिणाम आएंगे।
विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने का लिया संकल्प
पार्टी को इस राज्य में जीत हासिल करने के लिए न केवल बेहतर रणनीति बनानी होगी, बल्कि हर दरवाजे पर दस्तक देने के साथ ही हर हाल में जीत का संकल्प लेना होगा।
शाह ने कहा कि चुनावी राज्यों के सभी विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ सांसद भी समय देंगे।
पार्टी के नए अध्यक्ष अमित शाह ने हरियाणा में अकेले दम पर चुनाव मैदान में उतरने का साफ संकेत देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से झारखंड और महाराष्ट्र में भी जात हासिल करने का संकल्प लेने को कहा।