अमरनाथ यात्रा तीसरे दिन बहाल, जम्मू से 2397 श्रद्धालु रवाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू से श्री अमरनाथ यात्रा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच तीसरे दिन बहाल हो गई। हालांकि प्रशासन ने कश्मीर घाटी में बने हालात को देखते हुए बदली रणनीति के तहत सुबह के बजाय अमरनाथ यात्रियों के जत्थे को शाम को रवाना किया।
शाम 4.05 बजे से लेकर 6.25 बजे तक 68 वाहनों में 2397 श्रद्धालुओं को पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना किया गया। यात्रा बहाल होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे श्रद्धालु यात्रा बहाल होने पर झूम उठे और बम बम भोले के जयकारे लगाते पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुए।
रवाना हुए श्रद्धालुओं में 1823 पुरुष, 471 महिलाएं, 102 साधु और एक किन्नर शामिल रहा। 22 वाहनों को बालटाल आधार शिविर व 46 वाहनों को पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना किया गया।
श्रद्धालुओं के प्रदर्शन को देखते हुए बढ़ाना पड़ा समय
जिला उपायुक्त जम्मू सिमरनदीप सिंह के अनुसार घाटी में बने हालात की वजह से जम्मू में रुके हुए श्रद्धालुओं के जत्थे को शाम को रवाना करने का फैसला लिया गया ताकि यात्रा बहाल होने के साथ साथ यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके ।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कोशिश है कि पत्थरबाजी वाले इलाकों से जत्था रात को निकले ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे और श्रद्धालुओं की यात्रा सुखमय हो सके।
प्रशासन ने जम्मू से जत्थे के वाहनों को शाम चार से छह बजे तक रवाना करने का फैसला किया था। पुलिस अधिकारियों ने यात्री निवास के बाहर से छह बजे के बाद गाडि़यों को रोकना शुरू कर दिया लेकिन श्रद्धालु गाडि़यों के आगे लेट गए। उन्होंने कहा कि सभी यात्रियों को रवाना किया जाए। इसके बाद प्रशासन ने समय को बढ़ाकर साढ़े छह बजे तक किया।