आरएस पुरा। कस्बे में आरएस पुरा- सुचेतगढ़ मार्ग पर स्थित शिशु समाधि की भूमि पर हो रहे दुकानों के निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने रोष है। इसके चलते शनिवार को विभिन्न संगठनों, नगर पालिका चेयरमैन सहित पार्षदों एक प्रतिनिधिमंडल ने रोष एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। साथ ही इस संबंध में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में शामिल बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा, नगर पालिका चेयरमैन सतपाल पप्पी, ओम प्रकाश आडवाणी, विक्रम शर्मा, कुंदन पहलवान आदि ने कहा कि कस्बे में स्थित शिशु समाधि की भूमि पर कुछ लोग दुकान निर्माण कर रहे हैं, जो तत्काल बंद किया जाए। कस्बे के लोग लंबे समय से यहां पर बच्चों को दफनाते आ रहे हैं। अब कुछ लोग प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से इस जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी लोगों ने प्रदर्शन किया था, लेकिन इसके बावजूद दुकानों का निर्माण नहीं रुका, जिसके चलते उन्हें एक बार फिर से प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द निर्माण बंद नहीं हुआ तो कस्बे को पूर्ण रूप से बंद किया जाएगा। तहसीलदार गनदीप कुमार ने लोगों को विश्वास दिलाया कि उनकी मांग को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखकर समाधान कराया जाएगा।