Jammu Kashmir Curfew: भद्रवाह में पथराव, डोडा-किश्तवाड़-रामबन में कर्फ्यू, इंटरनेट ठप
पूर्व भाजपा नेता नुपूर शर्मा के बयान के विरोध में एक समुदाय के लोगों के विरोध प्रदर्शन करने के बाद देर शाम दूसरे समुदाय के लोग भी सड़कों पर उतर आए। दोनों समुदायों के आमने-सामने आ जाने से तनाव पैदा हो गया। इसके बाद पूरी चिनाब वैली में मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप कर दी गई। प्रशासन ने कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चिनाब वैली में शुक्रवार को भी माहौल तनावपूर्ण है। नुपूर शर्मा मामले को लेकर एक पक्ष के लोगों ने गुरुवार को भद्रवाह में एक धर्मस्थल से दूसरे समुदाय के खिलाफ तल्ख टिप्पणियां कीं। इसकी जानकारी मिलने पर दूसरे समुदाय के लोग भी भड़क गए और दोनों पक्षों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई। देर रात तक लोग सड़कों पर थे। तनाव के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर भारी फोर्स की तैनाती की गई है।
शुक्रवार को भद्रवाह में कुछ लोग प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे। बताया जा रहा है कि यहां भीड़ को बेकाबू होता देख सुरक्षाबलों को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। वहीं, भीड़ की तरफ से पथराव किया गया। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में कर ली गई है। भद्रवाह में इस मामले को लेकर अब तक चार एफआईआर दर्ज की गई हैं।
रामबन, किश्तवाड़, श्रीनगर में बाजार बंद
उधर, डोडा, रामबन और किश्तवाड़ में भी कर्फ्यू लगा दिया गया है। यहां पर सभी दुकानें बंद है। सिर्फ मेडिकल दुकानें ही खुली हैं। लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई है।
श्रीनगर और घाटी के कुछ हिस्सों में भी इस मामले को लेकर बाजार बंद हैं। श्रीनगर में इंटरनेट सेवा ठप है। डाउनटाउन श्रीनगर में सार्वजनिक परिवहन ठप रहा। हालांकि, लाल चौक, बटमालू और आसपास के इलाकों में कार्यालय और स्कूल खुले रहने के साथ यातायात जारी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्रीनगर के संवेदनशील स्थानों और घाटी में अन्य जगहों पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
राजोरी में शनिवार को मुस्लिम संगठनों का बंद का एलान
जिला राजोरी में नुपुर शर्मा के बयान के विरोध में मुस्लिम संगठनों ने शनिवार को बंद का एलान किया है। इस्लामिक वेलफेयर संगठन और उलेमा संगठन ने पत्रकार वार्ता कर शनिवार को राजौरी को बंद करने का आह्वान किया। वहीं, अंजुमन-ए-तजरां राजोरी ने इसका समर्थन करने की घोषणा की। संगठन के सदस्यों ने नुपुर शर्मा के बयान की निंदा की है और उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने बोले- लंबे समय से जारी सद्भाव को बनाए रखें
उधमपुर से भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, 'मैं समाज के बुजुर्गों और दोनों समुदायों के प्रमुखों से अपील करता हूं कि वे लंबे समय से जारी सद्भाव को बनाए रखने के लिए एक साथ बैठें ताकि भद्रवाह की शांति कायम रखी जा सके।'
उमर अब्दुल्ला ने शांति बनाए रखने की अपील की
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने ट्विटर पर कहा, ' जम्मू-कश्मीर में भद्रवाह और उसके आसपास फैले सांप्रदायिक तनाव के अलावा भी कई समस्याएं हैं। उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने और अपने पार्टी सहयोगियों से स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने में मदद करने की अपील की।'
पूरे चिनाब वैली में मोबाइल इंटरनेट सेवा देर रात ठप
एहतियातन कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही पूरे चिनाब वैली डोडा, किश्तवाड़ व रामबन में मोबाइल इंटरनेट सेवा देर रात ठप कर दी गई। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। लोगों से अपने घरों में ही रहने की अपील की जा रही है।
जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी
पूर्व भाजपा नेता के बयान के विरोध में वीरवार को एक समुदाय के लोगों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद देर शाम दूसरे समुदाय के लोग भी सड़कों पर उतर आए। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू हो गई। दोनों समुदायों के आमने-सामने आ जाने से तनाव पैदा हो गया।
भद्रवाह थाने में मामला दर्ज किया गया
प्रशासन का कहना है कि जिला प्रशासन डोडा ने भद्रवाह में विरोध प्रदर्शन और कुछ सांप्रदायिक मुद्दे पर तनाव के बाद कर्फ्यू लगा दिया है। पुलिस के अनुसार, भड़काऊ बयानबाजी को लेकर कानून के तहत कार्रवाई की गई है भद्रवाह थाने में मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो कोई कानून अपने हाथ में लेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तारी तक जारी रहेगा प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि भाजपा नेता नुपूर शर्मा के बयान का समर्थन एक पत्रकार ने भी किया है। दोनों के खिलाफ सरकार को संज्ञान लेना चाहिए। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने का आश्वासन दिया लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने कहा कि जब तक दोनों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।