घाटी में हिंसक प्रदर्शन जारी, पुलिस स्टेशन पर ग्रनेड हमला, 5 जवान घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घाटी में कर्फ्यू तोड़कर शुक्रवार को जगह-जगह हिंसक प्रदर्शन किए गए। सुरक्षा बलों पर पथराव के बाद आंसू गैस के गोले दागे गए। भीड़ को हटाने के लिए फायरिंग तक करनी पड़ी। इसमें कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं।
एक पुलिस स्टेशन सहित दो स्थानों पर ग्रेनेड हमले में सुरक्षा बलों के 10 जवान घायल हो गए हैं। श्रीनगर के जामिया मस्जिद में नमाज अता नहीं करने दी गई। पूरी घाटी में तनाव है। अलगाववादियों ने 72 घंटे के लिए बंद बढ़ा दिया है। घाटी में बीएसएनएल को छोड़कर अन्य कंपनियों की मोबाइल सेवा ठप रही। इंटरनेट सेवा तथा रेल सेवा पहले से ही ठप है।
दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम में यारीपोरा स्टेशन पर ग्रेनेड हमला किया गया। थाने पर फायरिंग भी की गई। इसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई जबकि पांच जवान घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी यहां थाने पर पथराव कर रहे थे। इसी बीच भीड़ में से पुलिसवालों को निशाना कर ग्रेनेड फेंका गया। इसके साथ ही फायरिंग भी की गई। कुपवाड़ा जिले के नतनुसा में भी ग्रेनेड हमला किया गया। इसमें सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए।
कुपवाड़ा में फायरिंग में एक युवक की मौत
कुपवाड़ा के द्रुगमुला इलाके में हिंसक भीड़ को हटाने के लिए सुरक्षा बलों की ओर से की गई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। सोपोर में भी हिंसक प्रदर्शन हुए। यहां फायरिंग में चार लोग घायल हुए हैं जिन्हें एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलवामा और बारामुला में हिंसक भीड़ को तितर बितर करने के लिए की गई फायरिंग में चार लोग घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने पारिमपोरा में एक पुलिसकर्मी के निजी वाहन को फूंक दिया।
बारामुला, सोपोर, राफियाबाद, बांडीपोरा, कुलगाम, पुलवामा में हिंसक प्रदर्शन हुए। बारामुला के डेलिना में भीड़ ने सुरक्षाबलों की पेट्रोल पार्टी पर पथराव किया जिसमें तीन जवान घायल हो गए।