जम्मू शहर में 4.5 लाख वाहन, पार्किंग 1100 के लिए, कहां खड़ी करें गाड़ियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शीतकालीन राजधानी जम्मू में वाहनों की पार्किंग बड़ी समस्या बनती जा रही है। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण लोग गलियों, सड़कों और चौराहों पर वाहन पार्क करने को मजबूर हैं। करीब सोलह लाख आबादी वाले जम्मू शहर में लगभग साढ़े चार गाड़ियां पंजीकृत हैं।
बाहर से आने वाले वाहन अलग से हैं, लेकिन शहर में पार्किंग महज 1100 वाहनों के लिए ही उपलब्ध है। जम्मू में छोटी-बड़ी केवल 12 पार्किंग हैं। ऐसे में सड़क किनारे वाहन खड़े रहने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कामकाज के लिए शहर आने वाले लोगों के भी आए दिन चालान कट रहे हैं।
सड़कों पर वाहन खड़े रहने से जगह-जगह जाम लग रहे हैं। लोगों को आवाजाही में मुश्किल हो रही है। बाजारों में यह समस्या सबसे ज्यादा है। इन दिनों जम्मू में दरबार सजा है। सरकार के यहां आने से शहर में वाहनों की संख्या और बढ़ गई है। रोज एक लाख वाहनों का अतिरिक्त बोझ है। ये वाहन आसपास से आकर शहर में रुकते हैं। नगर निगम और जेडीए ने शहर में पार्किंग तो बनाई हैं, लेकिन जरूरत के हिसाब से ये काफी कम हैं।
कई बार पार्किंग के लिए कहा गया
रॉन्ग साइड गाड़ी लगी होगी तो चालान काटा ही जाएगा। इसमें कोई शक नहीं कि शहर में वाहनों के हिसाब से पार्किंग कम है। नगर निगम और जेडीए से इसे लेकर बात की जाएगी। सड़कों पर वाहन लगे रहे तो ट्रैफिक पुलिस को भी दिक्कतें पेश आती हैं। - प्रभुदयाल शर्मा, एएसपी, ट्रैफिक सिटी
हर वार्ड में पार्किंग बनाएंगे
बस स्टैंड में एक पार्किंग तैयार हो रही है। योजना है कि हर एक वार्ड में खाली जमीन पर पार्किंग बनाई जाए। शहर की किसी भी वार्ड के पार्षद, सिविल सोसायटी, संगठन, आम नागरिकों के पास पार्किंग को लेकर कोई भी प्लान या सुझाव है तो नगर निगम के साथ इसको साझा कर सकते हैं। नगर निगम इस पर गंभीरता से विचार करेगा। इसको प्रभावी बनाने की पूरी कोशिश होगी। - पूर्णिमा शर्मा, डिप्टी मेयर, नगर निगम जम्मू