नए कश्मीर के हालात देखकर जम्मू पहुंचे 25 विदेशी राजनयिक, मुख्य न्यायाधीश से की मुलाकात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचा राजनयिकों का दल आज यानी कि गुरुवार को जम्मू पहुंच चुका है। राजयनिकों ने जम्मू कश्मीर उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल से मुलाकात की है। दल के सदस्यों ने जम्मू में सैन्य अधिकारियों से भी मिले हैं, साथ ही घाटी व जम्मू संभाग के हालात के बारे में जायजा लिया है। वहीं राजनयिक प्रतिनिधिमंडलों के अलावा स्थानीय अधिकारियों से मुलाकात कर हालात समझेंगे। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद की स्थितियों की वास्तविकता का जायजा लेने के लिए विदेशी राजनयिकों का एक और प्रतिनिधिमंडल बुधवार को कश्मीर पहुंचा था।
दो दिनों की यात्रा पर आए दल में यूरोपीय संघ, दक्षिणी अमेरिका के साथ साथ खाड़ी देशों के 25 राजनयिक शामिल हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक राजनयिकों को बारामुला भी जाना था परंतु मौसम खराब होने के कारण उन्होंने डल झील में शिकारे की सैर की। दोपहर बाद प्रतिनिधियों ने यहां के व्यापारियों और उद्यमियों के साथ हालात पर चर्चा की। अधिकृत तौर पर विदेशी राजनयिकों का यह दूसरा दौरा है।
राजनयिकों का दल बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। कड़ी सुरक्षा में उन्हें डल झील किनारे स्थित ग्रैंड ललित होटल पहुंचाया गया। कुछ देर तक वहां रुकने के बाद काफिला होटल से निकला और डल झील पहुंच गया। वहां सभी ने शिकारे की सैर की। वहां से होटल लौटने के बाद देर शाम राजनयिकों से घाटी के 30 से 40 प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की।
इन प्रतिनिधिमंडलों में 125 से अधिक लोग शामिल थे। इनमें कश्मीर के स्थानीय व्यापारी, ट्रेड यूनियन नेता, ट्रांसपोर्टर, विद्यार्थी, सिविल सोसाइटी के सदस्य और पत्रकार शामिल रहे। मुलाकात का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
दल में यूरोपीय यूनियन के 12 (जर्मनी, आस्ट्रिया, नीदरलैंड, इटली, हंगरी, चेक रिपब्लिक, बुल्गारिया), अफगानिस्तान, मैक्सिको, कनाडा, डोमनिकन रिपब्लिक, न्यूजीलैंड, किर्गिस्तान, उज्बेकिस्तान, तजाकिस्तान, यूगांडा और रवांडा के प्रतिनिधि शामिल हैं।
स्थानीय प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात के अलावा राजनयिकों ने स्थानीय अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों से भी बातचीत की। अधिकारियों ने उन्हें पिछले साल 5 अगस्त के बाद पैदा हुई स्थिति और मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य के बारे में जानकारी दी।
अफगानिस्तान के राजदूत ने खरीदी अंगूठी
दल में शामिल अफगानिस्तान के राजदूत ताहिर कादरी ने ट्वीट किया, यहां आने के बाद हमने कश्मीर के श्रीनगर में स्थित डल झील में शिकारा की सैर का आनंद उठाया। एक नाव पर लगी दुकान से मैंने एक बेहद खूबसूरत कश्मीरी अंगूठी खरीदी है।
इल्तिजा ने किया ट्वीट- सामान्य स्थिति भ्रम
विदेशी राजनयिकों के दौरों पर प्रतिक्रिया देते हुए पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने ट्वीट किया कि उन्हें उम्मीद है कि विदेशी राजनयिक अधिकारियों से इंटरनेट पर प्रतिबंध और लोक सुरक्षा अधिनियम के तहत राजनेताओं के हिरासत के बारे में सवाल करेंगे। सामान्य स्थिति केवल एक भ्रम है।