आतंक के खिलाफ: कश्मीर में 60 दिन के भीतर 15 मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने मार गिराए 28 दहशतगर्द
घाटी में आतंकियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चल रहे हैं। इसके अलावा मददगारों को भी लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है। फरवरी माह में पांच मुठभेड़ों में सात स्थानीय आतंकवादी मारे गए।
विस्तार
कश्मीर घाटी में इस साल दो महीने में 15 मुठभेड़ों में 28 आतंकवादी मारे गए। जनवरी में 10 मुठभेड़ हुईं। इस दौरान 21 आतंकवादी मारे गए, जबकि 2 पुलिसकर्मी शहीद हुए। वहीं फरवरी माह में पांच मुठभेड़ों में सात स्थानीय आतंकवादी मारे गए। इस महीने तीन आतंकी हमले भी हुए। इसमें एक पुलिसकर्मी शहीद, जबकि एक अधिकारी सहित दो घायल हुए।
आतंकियों ने पुलिस कर्मियों को बनाया निशाना
शोपियां के अमशीपोरा गांव में एक पुलिस अधिकारी (एएसआई) शब्बीर अहमद वागे को गोली मारकर घायल कर दिया गया, जबकि निशात पार्क बांदीपोरा में आतंकवादियों द्वारा किये गए ग्रेनेड हमले में पापाछान के एक पुलिसकर्मी (ड्राइवर) जुबैर अहमद शहीद हो गए। हमले में बीएसएफ का एक अधिकारी और तीन पुलिसकर्मी घायल भी हो गए थे।
सेना के दो जवान हुए शहीद
इसके अलावा श्रीनगर के धोबी मोहल्ला बटमालू इलाके में आतंकी हमले में एक पुलिस अधिकारी शेख फिरदौस (एसीबी) घायल हो गया था। 19 फरवरी को शोपियां के चारमर्ग ज़ैनपोरा में हुई मुठभेड़ में सेना की 1 राष्ट्रीय राइफल्स के संतोष यादव और रोहित चव्हाण शहीद हो गए थे।
दक्षिण कश्मीर में चार बार हुई मुठभेड़
दक्षिण कश्मीर में 4 बार मुठभेड़ हुई, जबकि श्रीनगर में भी एक मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ शोपियां के अमशीपोरा, चारमर्ग ज़ैनपोरा और नौपोरा नदीगाम के सेब के बगीचे, श्रीनगर के बाहरी इलाके के रंगपुरा जकुरा इलाके और दक्षिणी पुलवामा जिले के नंबल अवंतीपोरा इलाके में हुई थी। कुल 11 लोग हताहत हुए।
फरवरी में मारे गए 7 स्थानीय आतंकवादी
अमशीपोरा शोपियां मुठभेड़ में नागरिक शकील अहमद खान पुत्र अब्दुल रहीम खान निवासी अम्शीपोरा मारा गया। पुलिस ने कहा कि वह आतंकवादी गोलीबारी में मारा गया। फरवरी में मारे गए 7 स्थानीय आतंकवादियों में बोंगाम शोपियां के इश्फाक मलिक ढेर किया गया।
इसके अलावा कुजर फ्रिसल कुलगाम के इखलाक अहमद, मलंगपोरा पुलवामा के आदिल निसार डार, काकापोरा के इरफान अहमद शेख और अब्दुल कयूम डार, छत्रीपोरा शोपियां के मुजमिल मीर और बोनपोरा अम्शीपोरा के शारिक अयूब शामिल हैं।