उधमपुर। ईद-उल-अजहा की तैयारियों को लेकर एडीडीसी अशोक कुमार ने डीसी आफिस के सम्मेलन हाल में जिला अधिकारियों और प्रमुख नागरिकों के साथ बैठक की। इसमें पर्व के दौरान किए जाने वाले उचित जरूरी प्रबंधों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पर्व के अवसर पर निर्दिष्ट स्थानों पर पानी और बिजली, राशन की पर्याप्त आपूर्ति, खाने की गुणवत्ता और दरों की जांच, सुरक्षा व्यवस्था और उत्सव के दौरान उचित स्वच्छता पर विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर एडीडीसी ने संबंधित विभागों को जिले में विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों के आस-पास पानी की आपूर्ति, निर्बाध बिजली आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और उचित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। भेड़ पशुपालन अधिकारी को त्योहार के दौरान सस्ती दरों पर मांस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका को कस्बों और ईदगाहों पर उचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी और कानूनी मेट्रोलॉजी विभाग के साथ एडी सीएपीडी को आवश्यक वस्तुओं की दरों की जाँच के लिए निर्देशित किया गया और यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि लोगों को खाने की अच्छी गुणवत्ता प्रदान की जाए। एडीडीसी ने पुलिस के संबंधित अधिकारियों को शहर में मुख्य स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंजताम करने व पुलिस तैनात करने के लिए कहा गया। ट्रैफिक विभाग को निर्देश दिया गया कि ट्रैफिक जाम वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक कर्मियों को तैनात किया जाए।