चिनैनी। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नत्थाटॉप में बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। दूसरे दिन भी सैलानियों का यहां तांता लगा रहा। देश के कई हिस्सों के सैलानी नत्थाटॉप की हसीन वादियों में पहुंचे और वहां के खूबसूरत नजारों को कैमरे में कैद किया।
बुधवार को भी कभी धूप तो कभी छांव का दौर जारी रहा और दोपहर बाद चिनैनी के अलावा पटनीटॉप, नत्थाटॉप में बादल छाए रहे, जिससे वहां ठंड में भारी इजाफा हो गया। नत्थाटॉप में मौसम का मिजाज बिगड़ने से वहां पर हिमपात की उम्मीद लगी हुई थी। कई सैलानी भी नत्थाटॉप में बर्फ पर खेलों का आनंद लेने और वहां पर ताजा हिमपात को देखने आए थे। नत्थाटॉप में पहुंचे सैलानी चारों ओर बर्फ से लदे पहाड़ों की खूबसूरती को निहार रहे थे। साथ ही कई यादगार फोटो भी खिचवा रहे थे। उधर, नत्थाटॉप में सैलानियों के पहुंचने से वहां पहुंचे छोटे कारोबारी भी खुश नजर आ रहे हैं, जिन्हें उम्मीद है कि अगले कुछ माह तक उनको रोजगार मिल जाएगा। वहीं नत्थाटॉप और पटनीटॉप में ठंड के चलते वहां पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं।