रियासी। जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी विंटर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को हुए मैच में नाइट राइडर्स माहौर ने वर्मा क्लब पंजाब को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
अब माहौर का मुकाबला हिल व्यू राजोरी से होगा, जोकि पहले से ही फाइनल में पहुंच चुकी है। वर्मा क्लब ने टॉस जीतकर माहौर की टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। माहौर ने अपने बल्लेबाज असीम बशीर के 58 व समीर अमीन के 60 रनों की बदौलत 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 159 रन बनाए। वर्मा क्लब के गेंदबाज भूरा ने तीन, जबकि कुलविंदर सिंह व रंधू ने दो दो व रवि ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वर्मा क्लब का कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी नहीं खेल सका। बल्लेबाज रंधू ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। वहीं फिरोज खान ने 27, जुहैब ने 27, दमनप्रीत सिंह व गौरव मार्कन ने 15 रन बनाए। टीम को जीत के लिए अंतिम दो ओवर में 10 रन की जरूरत थी लेकिन माहौर की कसी हुई गेंदबाजी के आगे वर्मा क्लब 20 ओवर समाप्त होने तक आठ विकेट के नुकसान पर 156 रन ही बना सका और मैच को तीन रन से गंवा दिया। माहौर की तरफ से गेंदबाज ओवेस बाबा, आदिल रेशी और वसीम काचर ने दो दो विकेट लिए। वहीं असीम बशीर ने भी एक विकेट लिया। उन्हें बाद में उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के किए मैन ऑफ द मैच दिया गया। गौरतलब है कि फाइनल में विजेता टीम को तीन लाख व उपविजेता रहने वाली टीम को दो लाख रुपये नकद पुरस्कार के तौर पर दिए जाएंगे।