J&K: उधमपुर में देर रात दो संदिग्धों ने खटखटाया दरवाजा, खाना मांगा और जंगल की ओर निकल गए, सर्च ऑपरेशन जारी
उधमपुर के तलोट गांव में दो संदिग्धों के देखे जाने की सूचना के बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, रियासी और कठुआ जिलों में संदिग्ध लोगों की गतिविधि की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने कई इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया है। पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें संदिग्धों की तलाश में अलग-अलग क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
उधमपुर के तलोट गांव में सोमवार देर रात दो संदिग्ध लोगों ने प्रकाश चंद के घर का दरवाजा खटखटाया और खाना मांगा। दोनों ने शॉल ओढ़ रखी थी। परिवार की ओर से कई मिनट तक कोई जवाब नहीं मिलने पर दोनों वहां से खुबन की ओर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम गांव पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षा बल आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं।
इसी तरह रियासी के सदिनी जंगलों और कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित कई गांवों में भी तलाशी अभियान चलाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों की हालिया सूचनाओं के आधार पर इन सभी इलाकों में ऑपरेशन जारी है।