260 करोड़ रुपये का उधमपुर राशन घोटालाः आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सड़क पर उतरे लोग
जम्मू संभाग के उधमपुर में करोड़ों रुपये के सरकारी राशन घोटाले में शामिल अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर मजदूर व किसानों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इन अधिकारियों व कर्मचारियों ने गरीब किसानों व मजदूरों के हिस्से का राशन बेचकर धांधली की है। इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
मजदूर व किसानों ने पैंथर्स पार्टी के जिला युवा उप प्रधान पवन सिंह के नेतृत्व में सलाथिया चौक पर एकजुट होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पवन सिंह व अन्य ने कहा कि पिछले दिनों एंटी करप्शन ब्यूरो ने उधमपुर के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले सीएपीडी के अधिकारी व कर्मचारियों के घरों में छापेमारी की। छापेमारी के बाद उनको पता चला कि इन अधिकारियों ने करीब 260 करोड़ रुपये के राशन का घोटाला किया है।
यह सारा राशन गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए था और इसको इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाहर से ही बेच दिया और किसी को पता भी नहीं चलने दिया गया। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा घोटाला छोटे अधिकारी व कर्मचारी अकेले नहीं कर सकते हैं। इसमें कोई शक नहीं है कि इसमें बड़े बड़े अधिकारी भी शामिल हैं और अभी तक इनके नाम सामने नहीं आ रहे हैं।
बड़े अधिकारियों के भी नाम सामने लाकर कार्रवाई की जाए
उनकी मांग है कि बड़े अधिकारियों के भी नाम सामने लाकर कार्रवाई की जाए। उनकी मांग है कि अभी तक जितने भी अधिकारियों व कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं। इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इनको कालाबाजारी करने की इतनी सख्त सजा दी जाए कि दोबारा कोई अधिकारी ऐसा न कर सके।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई ऐसे घोटाले हुए हैं, लेकिन भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों ने पैसे के दम पर घोटाले की फाइलें बाहर ही नहीं आने दी और इनका किसी को भी पता नहीं चला है। उपराज्यपाल शासन में भ्रष्टाचार को लेकर कार्रवाई की जाने लगी है। उम्मीद है कि अब भ्रष्टाचार करने वाले सभी अधिकारी व कर्मचारी पकड़े जाएंगे और इनको सख्त सजा भी मिलेगी।