चिनैनी। जिला उधमपुर की चिनैनी तहसील के अंतर्गत मरोठी इलाके में शादी समारोह से लौट रही कार 150 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा तीखे मोड़ पर चालक के नियंत्रण खोने से हुआ। हादसे में एक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य तीन को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर घायल को जीएमसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार चिनैनी पुलिस थाना के अधीन सुद्धमहादेव चौकी क्षेत्र में मरोठी इलाके में शुक्रवार देर रात स्विफ्ट कार (जेके20ए 8194) पर सवार होकर चार लोग शादी समारोह से चिनैनी से लाटी की ओर जा रहे थे। मरोठी इलाके में तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इससे वाहन लगभग 150 फुट गहरी खाई में गिर गया। हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस को सूचित किया। पुलिस की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। हादसे में एक व्यक्ति को गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य को मामूली चोटें पहुंची हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बलवान सिंह पुत्र रमेश निवासी पट्टनगढ़ को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य को छुट्टी दे दी गई। मामूली रूप से घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।