उधमपुर: बर्फीले पहाड़ पर कट गया हाथ, उधमपुर में सेना के डॉक्टरों ने 11 घंटे की सर्जरी कर लौटाई जवान की जिंदगी
हिमाचल के बर्फीले क्षेत्र में हादसे के दौरान लांस नायक बीरपाल सिंह का दाहिना हाथ कट गया था, जिन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के अस्पताल लाया गया। सेना के डॉक्टरों ने 11 घंटे की जटिल सर्जरी कर हड्डियों और रक्त वाहिकाओं को जोड़ते हुए उनका हाथ सफलतापूर्वक पुनः प्रत्यारोपित किया।
विस्तार
सेना के डॉक्टरों और चिकित्सा दल ने असाधारण दक्षता व समर्पण का परिचय देते हुए एक जवान को स्थायी विकलांगता से बचा लिया। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम और बर्फीले क्षेत्र में हुए एक हादसे में अपना दाहिना हाथ गंवा चुके लांस नायक बीरपाल सिंह का हाथ जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित उत्तरी कमान अस्पताल में 11 घंटे तक चली बेहद जटिल सर्जरी के बाद सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया।
लांस नायक बीरपाल सिंह हिमाचल प्रदेश के बर्फीले इलाके में तैनात थे। हादसे में उन्हें कई जगह फ्रैक्चर और गंभीर चोटें आईं। उनका दाहिना हाथ शरीर से कटकर अलग हो गया था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सेना के पायलटों ने उन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर कमांड अस्पताल पहुंचाया।
ऑर्थोपेडिक विभाग के ग्रेडेड स्पेशलिस्ट लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. धैर्य खेरा ने बताया कि पहले ऑर्थोपेडिक सर्जरी टीम ने हड्डियों और फ्रैक्चर को स्थिर किया। इसके बाद प्लास्टिक सर्जरी टीम ने कटे हाथ को पुनः जोड़ने की जटिल प्रक्रिया पूरी की।
माइक्रोस्कोप की मदद से रक्त वाहिकाओं को जोड़ा
मेजर डॉ. सुनील एनपी ने बताया कि मेडिकल, ऑर्थोपेडिक और सर्जिकल टीमों ने संयुक्त रूप से 11 घंटे तक लंबा ऑपरेशन चलाया। टीम ने टूटी हड्डियों को जोड़ने के साथ-साथ माइक्रोस्कोप की सहायता से बारीक रक्त वाहिकाओं को जोड़ा, जिससे हाथ में दोबारा रक्त संचार बहाल हो सका। सर्जरी के बाद जवान की हालत में निरंतर सुधार हो रहा है।
लांस नायक बीरपाल ने कहा कि हाथ जुड़ जाने से मैं बेहद खुश हूं। उन्होंने कहा कि मुझे एक तरह से नई जिंदगी मिली है।
