उधमपुर। शहर के मिनी स्टेडियम में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की तरफ से आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में बुधवार को कई मुकाबले खेले गए। इनमें खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अगले दौर में प्रवेश किया। वीरवार को फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
जिले में सोमवार को टूर्नामेंट की शुरूआत हुई थी। तीसरे दिन बुधवार को पहला मुकाबला अंडर-19 वर्ग में युगल आर्यन गुप्ता, आर्यन शर्मा और सोहम, सिद्धार्थ के बीच खेला गया। इसमें आर्यन गुप्ता और आर्यन शर्मा ने 21-15, 21-19, 21-17 के अंतर से जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया।
दूसरा एकल मुकाबला रितिक जंवाल और आर्यन शर्मा के बीच खेला गया, जिसमें रितिक ने 21-14, 21-19 के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, तीसरा मुकाबला लड़कियों के वर्ग का स्तुति और तेजस्वी के बीच खेला गया। इसमें स्तुति ने 21-11, 21-13 के अंतर से जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। वीरवार को सभी फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।