उधमपुर। कृषि विभाग ने जगानू ब्लॉक के थनोआ पंचायत के तरमाड़ा गांव में जैविक क्लस्टर कैपेक्स बजट 2021-22 के तहत किसान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। मुख्य कृषि अधिकारी संजय आनंद के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में 50 क्लस्टर सदस्यों ने भाग लिया।
इसमें किसानों को जैविक खाद और जैव कीटनाशकों का उपयोग कर जैविक खेती पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी गई। किसानों को वर्मी-इकाइयों और छत के पानी को इकट्ठा करने के लिए टैंकों का निर्माण करने को कहा गया। इसके अलावा उन्हें प्रधानमंत्री की वांछित 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लिए सब्जी की खेती और अन्य नकदी फसलों को बढ़ावा देने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राजेश गंडोत्रा ने किसानों को जैविक खेती से होने वाले लाभ एवं विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। मौके पर एसपी ज्योति (एईओ ब्रैडियां), विरेंद्र पाधा (तकनीकी अधिकारी उपमंडल उधमपुर), एईए राजिंदर प्रसाद, एईए पंकज शर्मा और एईए राकेश वर्मा उपस्थित थे।