जम्मू में दर्दनाक सड़क हादसा: गंग्याल में कार से बाइक को लगी टक्कर, एएसआई की मौत
गंग्याल में तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक सवार एएसआई को चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें जीएमसी ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो घई। मृतक लोअर बेलीचराना निवासी कर्मजीत सिंह (45) है। गंग्याल थाने से वह बाइक पर किसी काम से जा रहे थे। परिवार ने हत्या का संदेह जताया है।
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब आठ बजे कर्मजीत सिंह बाइक पर थाने से निकले थे। गंग्याल पुली के पास तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह काफी देर घटनास्थल पर पड़े रहे।
हादसे में दिव्यांग राजेश भी घायल हुआ है, वह स्कूटी पर सवार थे। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कार चालक ने थाने में आत्मसमर्पण किया है।
छह महीने पहले पदोन्नत हुए थे कर्मजीत : छह महीने पहले हेड कांस्टेबल से कर्मजीत सिंह पदोन्नत होकर एएसआई बने थे। पूरा परिवार खुश था। परिवार में पत्नी, बेटी और बेटा है। बेटी ने हाल में 12वीं बोर्ड परीक्षा में 92 फीसदी अंक लिए थे। कर्मजीत सिंह की बहनें ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में है। भाई-बहनों में वह सबसे छोटे थे। परिवार सदस्यों ने कहा कि हर दिन सुबह वह गुरुद्वारा साहिब जाते थे। परिवार का आरोप है कि उनके शरीर पर लगी चोटों को देखकर लगता है कि हमला हुआ है। हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से गहन जांच करने की मांग की है।
रामकोट में इनोवा कार ट्रक में भिड़ंत, जम्मू का परिवार घायल
चलाडी में रविवार शाम करीब पांच बजे इनोवा कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार त्रिकुटा नगर (जम्मू) निवासी महिला और तीन बच्चे घायल हो गए। गनीमत रही कि एयरबैग समय पर खुल गया। कार सवार रेनु गुप्ता (46) पत्नी संजय गुप्ता, बेटा सुशांत गुप्ता (24), निहार गुप्ता (21) और बेटी जेनिका गुप्ता (6) को पीएचसी पहुंचाया जहां से तीनों को जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया गया है। जीएमसी के प्रधानाचार्य डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री ने बताया कि रेनु गुप्ता की हालत गंभीर है जबकि अन्य सभी की हालत स्थिर है। फिलहाल परिजन रेनु को डीएमसी ले गए।