Amarnath: हजारों फीट की ऊंचाई पर 'शिव सेवक दिल्ली' के सेवादार कर रहे भक्तों की सेवा, कपड़े, दवा सब कुछ मुफ्त
श्री शिव सेवक दिल्ली की टीम पोसपथरी में अमरनाथ यात्रा के दौरान पांच हजार श्रद्धालुओं को मुफ्त में भंडारा,चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है।1995 से लगातार सेवा में लगे ये सेवादार यात्रियों के लिए सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध कराते हैं
विस्तार
यूं तो बालटाल के रास्ते श्री अमरनाथ जी तीर्थ यात्रा मार्ग पर दर्जनों भंडारा/ लंगर भक्तों की सेवा में दिन रात जुटे हुए हैं। मुफ्त में खानपान के साथ ही मेडिकल व अन्य सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं, लेकिन इन सभी में इस मार्ग पर सर्वाधिक ऊंचाई पर पोसपथरी में सजा श्री शिव सेवक दिल्ली का भंडारा सबसे खास है।
इस भंडारे का परिसर इतना बड़ा है कि एक बार में करीब चार-पांच हजार श्रद्धालु हर सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।तीन जुलाई से यात्रा की शुरुआत में यहां रोजाना करीब 15 हजार यात्री नाश्ता, भोजन करने के साथ ही अन्य सुविधाओं का लाभ उठा रहे थे।
अब यात्रा समाप्ति की ओर है तो श्रद्धालुओं की संख्या भी कम होती जा रही है। मौजूदा समय में करीब पांच-छह हजार तीर्थ यात्री रोजाना यहां ठहराव कर रहे हैं। करीब 150 प्रकार के लजीज व्यंजनों के साथ ही जरूरतमंद तीर्थ यात्रियों को जूता, गरम मोजा, जैकेट, टोपी व अन्य सामान भी मुफ्त में दिया जाता है।
श्री शिव सेवक दिल्ली का मुख्यालय रोहतक रोड करोल बाग दिल्ली में स्थित है। संस्था के प्रेसीडेंट रविंद्र सेठी ने बताया कि श्री अमरनाथ जी तीर्थ यात्रा में सबसे पहले भंडारा 1995 में पंचतरनी में लगाया गया था। 1998 तक वहीं श्रद्धालुओं की सेवा में लंगर सजता रहा।
उसके बाद पोसपथरी में 1999 से भंडारा लगने लगा। तब से लेकर आज तक यहीं पोसपथरी में ही भोले के भक्तों की सेवा कर रहे हैं। बताते हैं कि 19 सदस्यीय टीम दिन-रात बाबा बर्फानी के दर्शन करने आने वालों भक्तों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा में जुटी हुई है।
रविंद्र सेठी का दावा है कि भंडारे में एक बार में करीब पांच हजार श्रद्धालु नाश्ता, भोजन आदि सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। यात्रियों के लिए मुफ़्त में मेडिकल कैंप और दवाई वितरण के साथ ही नि:शुल्क मोबाइल चार्जिंग स्टेशन भी मौजूद है।
बताते हैं कि इन सारी सुविधाओं के लिए कभी भी किसी श्रद्धालु से एक भी पैसा नहीं लिया गया। सब कुछ बाबा बर्फानी के आशीर्वाद से निर्बाध गति से चल रहा है। 1995 से निरंतर श्री शिव सेवक दिल्ली के सेवादार शिव भक्तों की सेवा में डटे हुए हैं।
- 150 तरह के खाने की सामग्री
- 3000 नए कंबल यात्रियों के लिए
- 70-70 यात्रियों के लिए तीन यात्री निवास
- 24 घंटे भंडारा चलता रहता है
- 24 घंटे यात्रियों के लिए गरम पानी और मसाज चेयर
- 15 टायलेट और बाथरुम इंडियन और वेस्टर्न स्टाइल में