Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Srinagar News ›   Srinagar, Sports, Ashok Dhayanchand, Exclusive

कश्मीर में बेटियों का हॉकी खेलना गौरव की बात, स्थानीय प्रतियोगिताएं ही बनती हैं राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की सीढ़ी : अशोक ध्यानचंद

विज्ञापन
Srinagar, Sports, Ashok Dhayanchand, Exclusive
श्रीनगर पहुंचे अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यानचंद। अमर उजाला
- 1975 विश्व कप के नायक बोले-1969 से जुड़ी हैं पोलो ग्राउंड की यादें, मैदान पर उतरें युवा
विज्ञापन

अजीम यूसुफ
श्रीनगर। कश्मीर में बेटियों को हाथों में हॉकी स्टिक थामे दौड़ते देखना मेरे जीवन के सबसे सुखद अनुभवों में से एक है। यह गौरव की बात है। यह कहना है हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र 1975 विश्व कप विजेता और प्रतिष्ठित अर्जुन अवार्डी ओलंपियन अशोक ध्यानचंद का। उन्होंने कहा, स्थानीय प्रतियोगिताएं ही राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की सीढ़ी बनती हैं।
श्रीनगर के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड स्थित एस्ट्रो टर्फ पर आयोजित महिला हॉकी चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला देखने पहुंचे भारतीय हॉकी के इस दिग्गज ने अमर उजाला से खास बातचीत में कश्मीर से अपने दशकों पुराने जुड़ाव, भारतीय हॉकी के गौरवशाली इतिहास और घाटी के युवाओं के भविष्य पर विस्तार से अपने विचार रखे।
विज्ञापन

कश्मीर से जुड़ाव के सवाल पर अशोक ध्यानचंद ने कहा, कश्मीर की सरजमीं पर कदम रखते ही कई पुरानी और बेहद खूबसूरत यादें ताजा हो गईं। मैं वर्ष 1969 से इस मैदान (पोलो ग्राउंड) पर खेल और खिलाड़ियों के बीच आता रहा हूं। कश्मीर हॉकी एकेडमी फाउंडेशन, जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल और स्थानीय खेल प्रेमियों की यह पहल अत्यंत सराहनीय है कि वे घाटी में हॉकी को नई दिशा देने में जुटे हैं। कड़ाके की ठंड की आहट के बीच बेटियों का यह अदम्य उत्साह साबित करता है कि कश्मीर में हॉकी का भविष्य सुरक्षित और बेहद उज्ज्वल है।
विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय, राज्य स्तरीय और अंतर-राज्यीय टूर्नामेंट युवा प्रतिभाओं के लिए सीढ़ी का काम करते हैं। जब खिलाड़ी जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, तभी वे राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजरों में आते हैं और आगे चलकर राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनते हैं। भारतीय हॉकी का इतिहास दुनिया भर में गौरवशाली रहा है। आज हमारी बेटियों और युवा पीढ़ी की यह जिम्मेदारी है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अधिक से अधिक पदक जीतकर देश और अपने राज्य का गौरव बढ़ाएं।


खेल से बढ़कर जीवन में कोई उपलब्धि नहीं
घाटी के युवाओं और खेल संस्कृति पर उन्होंने कहा कि खेल से दुनिया के तमाम तनाव, नकारात्मकता और भटकाव से दूरी बन जाती है। मैदान पर उतरते ही खिलाड़ी का ध्यान केवल अपने लक्ष्य पर केंद्रित होता है। खेल केवल मैदान पर हार या जीत तय नहीं करता, बल्कि यह इंसान के व्यक्तित्व में गजब का आत्मविश्वास भर देता है। यह आत्मविश्वास जीवन की हर परीक्षा में काम आता है। युवाओं को मैदान पर आने की नियमित आदत डालनी चाहिए। खेल के मैदान पर पसीना बहाने से बड़ी कोई जीवन की उपलब्धि नहीं हो सकती। अशोक ध्यानचंद ने उम्मीद जताई कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन खेल के बुनियादी ढांचे को और अधिक विस्तार देगा, जिससे कश्मीर की बेटियां आने वाले समय में ओलंपिक और विश्व कप में देश का तिरंगा शान से फहरा सकें।


भारतीय हॉकी के स्वर्णिम अध्याय के नायक हैं अशोक ध्यानचंद
अशोक ध्यानचंद केवल अपने पिता मेजर ध्यानचंद की विरासत के उत्तराधिकारी ही नहीं हैं बल्कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर स्वयं को भारतीय हॉकी के सबसे सफल स्ट्राइकरों में स्थापित किया। 15 मार्च 1975 को मलेशिया के कुआलालंपुर में पुरुष हॉकी विश्व कप का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था। बेहद तनावपूर्ण मुकाबले में जब स्कोर 1-1 की बराबरी पर था, तब 51वें मिनट में अशोक ध्यानचंद ने निर्णायक गोल दागकर भारत को 2-1 से ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। यह स्वतंत्र भारत का अब तक का एकमात्र विश्व कप खिताब है। उन्होंने वर्ष 1972 के म्यूनिख ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और कांस्य पदक विजेता टीम के प्रमुख खिलाड़ी रहे। वे 1970 (बैंकॉक) और 1974 (तेहरान) के एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे हैं। भारतीय हॉकी में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार द्वारा प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed