Kashmir Target Killing: दक्षिणी कश्मीर में कश्मीरी पंडित और दो गैर कश्मीरियों को आतंकियों ने मारी गोली, 24 घंटे में हमले की चौथी वारदात
पुलवामा में सोमवार को फिर आतंकियों ने दो गैर स्थानीय लोगों को गोली मार घायल कर दिया। दोनों घायलों को एसएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आतंकियों की तलाश जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दक्षिणी कश्मीर में कश्मीरी पंडित कारोबारी के साथ ही दो गैर कश्मीरी मजदूरों को आतंकियों ने सोमवार को निशाना बनाया। तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, श्रीनगर में सीआरपीएफ जवानों पर हमले में एक जवान शहीद हो गया, जबकि एक अन्य घायल है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आतंकियों का सुराग नहीं लगा। 24 घंटे में कश्मीर में यह हमले की चौथी वारदात है।
चालक व खलासी को गोली मारकर आतंकियों ने घायल कर दिया
इससे पहले रविवार रात को भी पठानकोट से पोल्ट्री की गाड़ी लेकर गए चालक व खलासी को गोली मारकर आतंकियों ने घायल कर दिया था। दोनों का इलाज चल रहा है। नवरेह पर रविवार को संघ प्रमुख मोहन भागवत के कश्मीरी पंडितों के घाटी में लौटने के दिन करीब होने और दोबारा विस्थापित न किए जाने के बयान के बाद सोमवार की देर शाम आतंकियों ने शोपियां के छोटीगाम में कश्मीरी पंडित दवा कारोबारी बाल कृष्ण को निशाना बनाकर फायरिंग की।
घटनास्थल के आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया
गोली उसके पैर व हाथ में लगी है। घटना के तत्काल बाद उसे श्रीनगर में सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के इलाकों को सील कर दिया गया है। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा में सोमवार को लगातार दूसरे दिन आतंकियों ने दो गैर कश्मीरी मजदूरों को निशाना बनाया।
दोनों मजदूरों की शिनाख्त बिहार के पतलेश्वर कुमार व जक्कू चौधरी के रूप में हुई
पुलिस ने बताया कि लोजूरा इलाके में दो मजदूरों को निशाना बनाते ही इलाके में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस बीच आतंकी भाग निकले। दोनों को घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें श्रीनगर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों मजदूरों की शिनाख्त बिहार के पतलेश्वर कुमार व जक्कू चौधरी के रूप में हुई है।
दिनदिहाड़े आतंकियों ने सीआरपीएफ जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग
घटना के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी हासिल की। इसके बाद पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया ताकि आतंकियों को या तो पकड़ा जा सके या फिर मार गिराया जा सके। श्रीनगर शहर के बीचोंबीच स्थित लाल चौक से सटे मायसूमा इलाके में सोमवार दिनदिहाड़े आतंकियों ने सीआरपीएफ जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की।
सीआरपीएफ जवान विशाल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया
इसमें दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तुरंत श्री महाराजा हरि सिंह (एसएमएचएस) अस्पताल रेफ र किया गया। एसएमएचएस अस्पताल के चिकित्सा अधीक्ष डॉ. कंवरजीत सिंह ने बताया कि सीआरपीएफ जवान विशाल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसे एक गोली लगी थी।
हमले के तुरंत बाद इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया
दूसरे जवान की हालत स्थिर है और उसे इलाज के लिए सेना के बादामीबाग स्थित 92 बेस अस्पताल शिफ्ट किया गया है। हमले के तुरंत बाद इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया और हमलावरों को तलाशने के लिए एक बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। काफी दिनों बाद आतंकियों ने शहर में फायरिंग कर हमले को अंजाम दिया है।