JK Polls: 'भाजपा कश्मीर मसला हल करे तो उनके साथ भी काम करने को तैयार', खास बातचीत में बोले इंजीनियर रशीद
कश्मीर की बारामुला सीट से सांसद इंजीनियर रशीद ने शायद पहली बार कुबूल किया, अगर भाजपा भी कहती है कि हम कश्मीर का मसला हल करेंगे, तो मैं उनके साथ भी काम करने को तैयार हूं।
विस्तार
पिछले पांच साल तिहाड़ जेल में काटने वाले इंजीनियर रशीद कश्मीर की बारामुला सीट से सांसद हैं। वे तब बेहद मशहूर हुए, जब तिहाड़ में रहते हुए जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को लोकसभा चुनाव में दो लाख वोटों से हरा दिया। उन्हें दो अक्तूबर तक के लिए जमानत मिली है। वह कश्मीर के हर ओर-छोर को अपनी सियासत और तकरीरों से पाटने निकले हैं। दिन में 30-30 मीटिंग, रैलियां, जलसे कर रहे हैं। विरोधी पार्टियों और कश्मीरी नेताओं को जमकर कोस रहे हैं। एजेंट रशीद के नाम से बदनाम हो रहे हैं। उमर अब्दुल्ला उन्हें दिल्ली का वोटकटवा और महबूबा मुफ्ती भाजपा का प्रॉक्सी कह चुकी हैं। रशीद ने शायद पहली बार कुबूल किया, अगर भाजपा भी कहती है कि हम कश्मीर का मसला हल करेंगे, तो मैं उनके साथ भी काम करने को तैयार हूं। तिहाड़ से लेकर कश्मीर और पीडीपी-एनसी से लेकर कांग्रेस-भाजपा तक हर सवाल पर अमर उजाला ने उनसे खास बात की।
सवाल- सोशल मीडिया पर चल रहा है कि आप तिहाड़ में थे और आपके बेटे अबरार ने 20 दिन में आपका चुनावी कैम्पेन खड़ा कर दिया। अब 15 दिन में क्या कर लेंगे?
जवाब- कमाल है। अबरार ने 20 दिन में किया, तो मैं उसका बाप हूं। मुझे तो कुछ करने की जरूरत ही नहीं है।
सवाल- आपको कौन बड़ा दुश्मन लगता है, कांग्रेस-भाजपा या पीडीपी-नेशनल कॉन्फ्रेंस?
जवाब- मेरे लिए हमाम में सारे नंगे हैं। कांग्रेस ने कश्मीर पर जितना जुल्म किया, उतना बीजेपी ने भी अभी तक नहीं किया होगा। पहले सारा कुछ कांग्रेस ने छीन लिया। फिर थोड़ा जो बचा खुचा था, मोदी जी ने इतना किया कि जो लाश पड़ी थी, उसको दफन किया। वरना उसको तो पहले ही कत्ल किया हुआ था। चाहे प्राइम मिनिस्टर था, प्रेसिडेंट था, आईएएस-आईपीएस की एंट्री थी, या हमारा परमिट सिस्टम था और सबसे बड़ी बात कश्मीर मसले का प्रमुख सिद्धांत, उसे तो कांग्रेस ने ही दरबदर किया। अफजल गुरु को फांसी कांग्रेस ने दी। बचा खुचा मोदी जी ने किया।
सवाल- आपने उमर अब्दुल्ला को हराकर नॉर्थ कश्मीर से एनसी को नुकसान पहुंचाया। अब क्या साउथ कश्मीर में टारगेट है किसी पर?
जवाब- मैंने कहां हराया, उसे लोगों ने हराया, मैं तो तिहाड़ में था। अब मैडम को साउथ में लोग हरा रहे हैं, आप मुझ पर इल्जाम दे रहे हैं। मैं कुछ कह रहा हूं, लोग कुछ कर रहे हैं, तो मेरी गलती थोड़ी है।
सवाल- जब से आप तिहाड़ से बाहर निकले हैं, अलग-अलग आरोप लग रहे हैं, कोई कह रहा, भाजपा की मदद कर रहे, कोई बोलता है टेरर फंडिंग का मामला है?
जवाब- मुझ पर ऐसी बातों का फर्क नहीं पड़ता। जितना आप ऊंचे जाओगे, वो आपको उतना नीचे खींचेंगे, तो मैं क्यों चिंता करूं। यह उनका फ्रस्ट्रेशन है।
सवाल- आपको लगता था आप उमर अब्दुल्ला को हरा देंगे?
जवाब- मुझे लगता था मैं उसके बाप को भी हरा सकता हूं, क्योंकि उन्होंने कश्मीरी कौम को नीचा दिखाया है। सारी बर्बादियों की जड़ वही खानदान है।
सवाल- जिस दिन उमर को हराया, आप तिहाड़ में थे, कैसे पता चला?
जवाब- मैंने टीवी पर न्यूज़ देखी। और कोई साधन नहीं था। उमर अब्दुल्ला ने अपनी हार तस्लीम की। सारे कैदी हिंदू, मुस्लिम, सिख सबने तिहाड़ में जश्न मनाया। मेरे हिंदू भाइयों ने हजारों रुपये खर्च कर मिठाई बांटी। लगभग ढाई लाख रुपये खर्च किए, क्योंकि हम सब एक हैं। जब न्याय की बात हो तो धर्म कभी भी बाधा नहीं बनना चाहिए।
जवाब- मैंने भी पढ़ा उनका बयान। स्वागत किया मैंने इस बात का, लेकिन सवाल जमात का नहीं है। अगर कल भाजपा भी कहती है कि हम कश्मीर का मसला हल करेंगे, जिस हल पर इंजीनियर साहब और कश्मीर के लोग मुतमइन हो जाएंगे, तो मैं उनके साथ भी काम करने को तैयार हूं। अगर इतना बड़ा मसला वो हल करते हैं।
सवाल- वादा चाहिए?
जवाब- वादा नहीं। वादे बहुत किए हिंदुस्तान की सरकार ने, 1947 से अभी तक कई वादे तोड़े हैं। जब प्रैक्टिकल कुछ हो जाए तो हम पीछे चलने को तैयार हैं।
सवाल- आप जम्मू में भी अपने उम्मीदवार लड़ने भेजेंगे?
जवाब- तिहाड़ से वापस आने दें उसके बाद
सवाल- इस बार बहुत आजाद उम्मीदवार हैं, छोटी पार्टियां मजबूती से लड़ रही हैं। आपकी पार्टी भी उनमें से एक है, क्या लगता है, कितना बड़ा बदलाव हो जाएगा?
जवाब- मेरी पार्टी छोटी पार्टी कहां है। नई कहतीं तो मैं मान लेता, लेकिन छोटी कहा। मैडम महबूबा मुफ्ती सीएम रहीं, लेकिन उनकी जमानत जब्त हो गई। उन्होंने तीन इलाकों में जितने वोट लिए, मेरे एक ही में उससे ज्यादा है, तो छोटी पार्टी कैसे हुई। लोग इसलिए चुनाव लड़ रहे हैं, क्योंकि मोदी जी कहते हैं नया कश्मीर है। लेकिन ये कोई नया कश्मीर नहीं है। मोदी का नया कश्मीर, कश्मीर में बुरी तरह हारा है। उनके नजरिए की हार हुई है। लोगों का मुंह बंद किया जा रहा है, उन्हें बोलने नहीं दिया जा रहा। सोशल मीडिया पर भी प्रतिबंध है, इसलिए लोग उसे जवाब देने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
सवाल- इंजीनियर रशीद सीएम बनेंगे?
जवाब- मेरे लिए सीएम का मतलब है चीपमिनिस्टर, मैं ऐसे ही ठीक हूं। लेकिन मुझे कभी ऐसी जिम्मेदारी मिले, ऐसी किस्मत कश्मीर के लोगों की कहां होगी। अगर हुई तो हम दिखाएंगे कि आपका रिप्रेजेंटेटिव कैसा होना चाहिए।
सवाल- उमर और महबूबा जब सीएम थे, उन्होंने ऐसी क्या गलती की, जो आप नहीं करेंगे?
जवाब- ये मैं बताऊंगा तो उन तक बात पहुंच जाएगी। उन्होंने गलती की, जो कश्मीरियों के खिलाफ थी।