राजोरी। जिले के पहाड़ी इलाकों में शनिवार की रात शुरू हुई बर्फबारी का सिलसिला रुक-रुक कर रविवार शाम तक जारी रहा। पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर हो रही बारिश के चलते जहां एक तरफ आम जीवन प्रभावित हो गया। वहीं कड़ाके की ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है।
राजोेरी के बुद्धल, कोटरंका, दरहाल, थन्नामंडी आदि तहसीलों के पीर पंचाल पहाड़ों पर लगातार रुक-रुक कर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। ताजा बफ़ॱरबारी के चलते, पहाड़ी इलाकों में तो जबरदस्त ठंड महसूस की जा रही है, जबकि बर्फ का असर राजोरी के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। राजोरी शहर व आसपास के इलाकों में कड़ाके की ठंड के चलते लोग घरों में दुबके पड़े रहे। आलम यह रहा कि आग का सहारा लेकर भी ठंड से नहीं बचा जा रहा है। बाजारों और सड़कों में करीब-करीब सन्नाटा पसरा रहा और लोग घर से बाहर नहीं निकले। ताजा बर्फबारी के चलते बिजली बंद होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई है। पहाड़ी तहसील में कई अंदरूनी इलाकों कोटरंका से खवास, गदयोग, बडाल, बुद्धल से गब्बर, तरगायी आदि सड़क मार्ग पर फिसलन के कारण यातायात ठप रहा। सभी लोगों की परेशानियों में बहुत अधिक इजाफा हुआ है।