सुंदरबनी। सुंदरबनी में अपनी पैठ बढ़ाने के उद्देश्य से डेमोक्रेटिव आजाद पार्टी (डीएपी) की ओर से रविवार को जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इससे पहले कालाकोट में पार्टी के नेता एवं पूर्व विधायक अशोक शर्मा ने गांवों में संपर्क कर पार्टी को मजबूत करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद ने बीडीसी चेयरमैन के साथ पहाड़ी क्षेत्रों देवक, हथल, कढमां, सलेरी आदि गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और लोगों को पार्टी से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान बैठकों को संबोधित करते हुए ताराचंद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद के नेतृत्व में 2003 में गठित सरकार को सिर्फ ढाई वर्षों का समय राज्य में सरकार चलाने का मौका मिला था। उस समय जनता की भलाई के लिए किए गए कार्यों को आज भी याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तब से आज तक राज्य में जितनी भी सरकारें आईं, उन्होंने कुछ नहीं किया और अब तो यहां राज्य का दर्जा समाप्त करके यूटी बना दी गई है। उन्होंने कहा कि आखिरकार पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा जम्मू-कश्मीर के लोगों की परेशानियों को देखते हुए अलग पार्टी बनानी पड़ी है। इसका लक्ष्य जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाकर लोगों को खोई हुई विरासत को लाकर समस्याओं का निपटारा करना है।