राजोरी। शहर के सरानू इलाके से 15 नवंबर को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए रंजीत कुमार (27) का रविवार को मनावर नदी से शव बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार रंजीत कुमार का 16 नवंबर को कपड़े और मोबाइल मनावर नदी के किनारे स्थित पंचायत घर के पास से मिला था। उनको तलाश करने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब 12 दिन तक सेना, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के जवान दिन-रात मनावर नदी और आसपास के इलाके में रंजीत की तलाश कर रहे थे, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी। रविवार को मनावर नदी के किनारे रंजीत का शव मिला, जिसे पुलिस ने निकाल कर जीएमसी राजोरी पहुंचाया। जहां पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार को सौंप दिया गया। रंजीत का शव मिलने का समाचार पहुंचते ही पूरे गांव के लोग और परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे और रंजीत की मौत के पीछे हत्या का कारण बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने बताया कि रंजीत की साजिश के तहत हत्या करके शव दरिया में फेंक दिया गया है। पुलिस अगर इसकी गहन और निष्पक्ष जांच करे तो हत्यारों को जल्द पकड़ा जा सकता है। परिवार का रोष देखते हुए एडिशनल एसपी विवेक शेखर शर्मा, एडिशनल डीसी सचिन देव सिंह और बीडीसी सदस्य ठाकुर रेश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे, और परिवार को भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष जांच करके सच सामने लाया जाएगा। पुलिस ने सच सामने लाने के लिए स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम (सिट) का भरोसा दिलाया और कहा कि यदि रंजीत की हत्या हुई है तो सच सामने लाया जाएगा।