सुंदरबनी । पहाड़ी क्षेत्र के गांव कढमां धरुण में पेयजल की भारी किल्लत का सामना कर रहे ग्रामीणों का आखिरकार जलशक्ति विभाग के खिलाफ गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। कढमां धरुण के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जलशक्ति विभाग के अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है कि कढमां धरुण में तीन माह से जलापूर्ति ठप है।
स्थानीय निवासियों मोहम्मद लतीफ, ताज मोहम्मद, मोहम्मद बशीर, रफीक अहमद आदि ने कहा कि जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल पर रहने के बाद विभाग की ओर से दावे किए जा रहे हैं कि विभाग के स्थायी कर्मचारियों द्वारा पानी की आपूर्ति बहाल रखने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जब से अस्थायी कर्मचारी काम छोड़ हड़ताल पर हैं तब से आज तक उनके गांव में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जब भी विभाग के जेई के पास जाते हैं, तो पानी की आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देकर उन्हें घर भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण उनके गांव में तीन माह से पानी की आपूर्ति बंद है। उन्होंने कहा कि अगर विभाग की तरफ से जल्द कढमां धरुण में पानी की आपूर्ति बहाल रखने के लिए कदम नहीं उठाए गए तो मजबूर होकर उन्हें सुंदरबनी पहुंचकर विभाग के कार्यालय का घेराव करना पडे़गा।