{"_id":"686ecdd7878a5941450a70d8","slug":"clash-between-prisoners-and-security-personnel-in-poonch-district-jail-2025-07-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Poonch : पुंछ जिला जेल में कैदियों-सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प, एक बंदी घायल, इसलिए हुआ हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Poonch : पुंछ जिला जेल में कैदियों-सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प, एक बंदी घायल, इसलिए हुआ हंगामा
Thu, 10 Jul 2025 01:45 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, पुंछ
अमर उजाला नेटवर्क, पुंछ
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 10 Jul 2025 01:45 AM IST
सार
इसमें एक कैदी घायल हो गया। उसका पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में उपचार कराया।
विज्ञापन
घायल कैदी को अस्पताल ले जाते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पुंछ नगर स्थित जिला जेल में बुधवार को कैदियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच झड़प हो गई। इसमें एक कैदी घायल हो गया। उसका पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में उपचार कराया। मरहम पट्टी के बाद कुछ घंटे चिकित्सकीय निरीक्षण में रखने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार यह घटना तब हुई, जब कश्मीर के कुछ विचाराधीन कैदी एकत्र हुए। उन्होंने सभी कश्मीरी कैदियों को एक साथ रखने की मांग करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने जेल में भोजन बनाने वालों के साथ झगड़ा किया। जब जेल अधिकारियों ने उन्हें अपनी-अपनी बैरकों में लौटने के लिए मनाने की कोशिश की, तो कुछ कैदी एक ही बैरक में घुस गए और उस बैरक को चादर से अंदर से बंद कर लिया।
विज्ञापन
जब जेल कर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और बैरक खोलकर अपनी बैरकों में जाने के लिए कहा, तो उन्होंने बैरक के अंदर ही हंगामा करते हुए दीवारों पर लगी टाइलों को तोड़कर जेल कर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान टाइल का टुकड़ा लगने से एक कैदी घायल हो गया। उसकी पहचान नजीर अहमद निवासी कश्मीर के रूप में हुई है। उसकी हालत खतरे से बाहर देखते हुए उपचार के कुछ घंटों के बाद छूट्टी दे दी गई।
विज्ञापन
राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मोहम्मद शफीक ने बताया कि आपातकालीन वार्ड में पुलिस नजीर अहमद नाम के कैदी को लेकर आई थी। उसकी बाजू पर कुछ चोटें हैं। सर्जन और फिजिशियन ने उसकी जांच की। कुछ घंटे निरीक्षण में रखने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस और एसओजी ने हालात को किया नियंत्रित
जेल में हुई इस घटना के बाद बाहर से पुलिस और एसओजी को बुलाया गया, जिसने जेल के अंदर के हालात को नियंत्रित किया। इस बीच जिला पुलिस के उच्च अधिकारी भी जिला जेल पहुंचे। उन्होंने हालात की जांच करने के साथ ही भविष्य में ऐसा न हो, इस पर भी जेल अधिकारियों के साथ चर्चा की। दोपहर बाद जेल के अंदर और बाहर से अतिरिक्त सुरक्षाबलों को लौटा दिया गया। पुंछ जिला जेल में इस तरह का यह पहला मामला है। इससे पहले गतवर्ष एक विचाराधीन कैदी ने खुद को घायल कर लिया था। इस पूरे मामले को लेकर जिला जेल अथवा जिला पुलिस का कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहा है।
बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को जेल में जाते देखा
घटना के समय जिला जेल के आसपास से गुजर रहे लोगों का कहना है कि उन्होंने जेल के अंदर से भारी शोर शराबा सुनने के साथ ही बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तेजी से जेल के अंदर जाते हुए देखा। सूत्रों की मानें, तो जिला जेल में विभिन्न मामलों के विचाराधीन कश्मीर घाटी के कैदी यहां मनमर्जी करने का प्रयास करते हैं। वे जेल प्रशासन पर बार-बार कश्मीरी कैदियों को एक साथ रखने का दबाव बनाने का प्रयास करते हैं। इसे जेल प्रशासन द्वारा सफल नहीं होने दिया जा रहा है। उसी हताशा में कश्मीरी कैदियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
कश्मीर में हंगामा करने पर भेजा यहां की जेल में
जानकारी के अनुसार हंगामा करने वाले कश्मीरी कैदियों को कश्मीर की जेलों में हंगामा करने पर पुंछ जिला जेल में स्थानांतरित किया गया है। जो कैदी घायल हुआ है, वह भी कुछ समय पहले ही कश्मीर से पुंछ भेजा गया था, क्योंकि उसने वहां डीएसपी जेल के साथ झगड़ा किया था।
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन