पुंछ। आईसीडीएस विभाग ने बुधवार को रैली निकाल कर एक माह तक चलने वाले पोषण माह अभियान और मातृ वंदना सप्ताह का शुभारंभ किया। इस उपलक्ष्य में आईसीडीएस मुख्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी वर्कर्स, हेल्पर और गर्भवती महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीपीओ हवेली जहांगीर खान ने की, जबकि आईसीडीएस प्रोजेक्ट अधिकारी मोहम्मद तनवीर खान मुख्य अतिथि रहे। मुख्य अतिथि ने आंगनबाड़ी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वह पूरी लगन, मेहनत और निष्ठा से इस अभियान को सफल बनाने हेतु जमीनी स्तर पर योग्य महिलाओं तक पहुंच कर पोषण अभियान योजना से लाभांवित करें। पोषण माह के बारे में मोहम्मद तनवीर खान ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत विभाग की तरफ से गर्भवती महिलाओं को सही मात्रा में पौष्टिक आहार उपलब्ध करने के साथ ही उन्हें जच्चगी तक किस प्रकार के आहर का सेवन करना है। इस बारे में जागरूक किया जाता है। कार्यक्रम के अंत में पोषण माह और मातृ वंदना सप्ताह हेतु जागरूकता रैली भी निकाली गई।