बिलावर। पल्लन पंचायत के लोगों का जल शक्ति विभाग के खिलाफ रविवार को गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने उनके गांव में दूषित पेयजल सप्लाई उपलब्ध करवाए जाने पर संबंधित विभाग के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों में पूर्व पंच शिवदेव सिंह, रमेश सिंह, प्रदीप सिंह, ज्ञान सिंह, अमित सिंह, वीरेंद्र सिंह और अन्य लोगों ने कहा कि पिछले 10 दिन से उनकी पंचायत में दूषित पेयजल सप्लाई उपलब्ध करवाई जा रही है। कई बार संबंधित विभाग से मांग की है कि उन्हें शुद्ध पेयजल सप्लाई उपलब्ध करवाई जाए लेकिन संबंधित विभाग समस्या को लेकर गंभीर नहीं है। पिछले 10 दिन से गांव की 4000 के करीब की आबादी दूषित पानपी पी रही है, जिससे बीमार होने का डर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कई लोग गांव में स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाकर पीने को मजबूर हैं। लोगों ने कहा कि छह महीने पूर्व सूनेल नाले में बनाए गए डगवेल को नाले में बाढ़ आने से क्षति पहुंची थी। इसके बाद आज तक संबंधित विभाग ने डगवेल के पास सुरक्षा दीवार नहीं लगाई। नतीजतन नाले का जलस्तर बढ़ने पर नाले का दूषित पानी डगवेल में चला जाता है और लोगों को दूषित पेयजल सप्लाई उपलब्ध करवाई जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह के भीतर उन्हें साफ पानी की सप्लाई उपलब्ध नहीं करवाई गई और डगवेल के पास सुरक्षा दीवार या क्रिएट बिछाने का काम शुरू नहीं किया गया तो लोग धार सड़क पर उतरकर जल शक्ति विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। प्रदर्शनकारियों में गांव के कई वरिष्ठ नागरिक भी मौजूद रहे।