कठुआ। वेलेंटाइन वीक की सोमवार को रोज डे के साथ शुरूआत हो जाएगी। इस दिन प्रेमी या प्रेमिका अपने प्यार का इजहार एक-दूसरे को गुलाब का फूल देकर करते हैं। दूसरी ओर रोज डे को देखते हुए शहर के फूल व्यापारी भी गुलाब के फूल पहले से मंगवा लिए हैं। रविवार को शहर के शहीदी चौक और पारलीवंड में फूल विक्रेताओं के यहां खास तौर पर गुलाब के फूलों की महक देखने को मिली। वहीं, एक सप्ताह तक मनाए जाने वाले वेलेंटाइन वीक का उत्साह शहर में देखने को मिल रहा है।
बता दें कि हर साल सात फरवरी से वेलेंटाइन वीक की शुरुआत होती है, जो अलग-अलग तरह से पूरे एक सप्ताह तक चलता है। शहर में वेलेंटाइन डे को देखते हुए गिफ्ट की दुकानों पर आकर्षक गिफ्ट का सामान भी उपलब्ध है। सोमवार को सप्ताहांत बंदी के खत्म होने के साथ ही गिफ्ट सेंटरों में भी युवाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। कुल मिलाकर देखा जाए तो इस वीक का उत्साह बढ़ाने के लिए बाजार भी पूरी तरह से तैयार है। यही कारण है कि लोग फरवरी के महीने को प्यार का मौसम भी कहते हैं। प्रेमी-प्रेमिका समेत शादीशुदा लोग अपने प्यार को अलग-अलग तरह से मनाते हैं। गिफ्ट सेंटरों में चॉकलेट से लेकर टेड्डी, महकते गुलाब और ग्रीटिंग कार्ड्स भी पहुंच गए हैं।