कठुआ। कोरोना की तीसरी लहर से मुक्त हो रहे जम्मू संभाग के डिग्री कॉलेजों में ऑफलाइन परीक्षा आयोजित किए जाने को लेकर हो रही सुगबुगाहट का विद्यार्थियों ने कड़ा विरोध किया है। वीरवार को राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ के दर्जनों विद्यार्थियों ने इसके खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षाएं ऑनलाइन कराए जाने की मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारी छात्रों का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता सन्नी डोगरा ने कहा कि पूरे सत्र के दौरान जम्मू विश्वविद्यालय के सभी डिग्री कॉलेजों में ऑनलाइन माध्यम से ही कक्षाओं का संचालन हुआ है। ऐसे में अब ऑफलाइन परीक्षाएं कराई जाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि गत 15 फरवरी को विश्वविद्यालय प्रबंधन ने सभी कालेजों के प्रधानाचार्य के साथ बैठक कर इस विषय पर चर्चा की है। जिसमें निर्धारित पाठ्यक्रम में 20 प्रतिशत की कटौती के साथ ऑफलाइन परीक्षाएं करने की बात की गई है। जिसका वह लोग विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कक्षाएं ऑनलाइन चली है तो परीक्षाओं का भी आयोजन ऑनलाइन ही किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो इसके खिलाफ विद्यार्थियों का सड़क पर उतरना तय है। लिहाजा समय रहते विश्वविद्यालय प्रबंधन इस विषय पर विद्यार्थियों को हित में को ध्यान में रखकर फैसला ले। प्रदर्शन में अखिल जसरोटिया, नीतीश कुमार, तानिया देवी, निशा देवी, राजन कुमार, आकांक्षा लूना, राजन कुमार आदि विद्यार्थी शामिल रहे।