कठुआ। शनिवार को नगर परिषद कठुआ की दूसरी हाउस मीटिंग का आयोजन हुआ। इस दौरान नगर परिषद कठुआ के 18 पार्षदों ने अपनी हाजिरी सुनिश्चित की। बैठक में कई समस्याओं और मांगों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया है कि शॉपिंग मॉल और बहुमंजिला व्यवसायिक इमारतों को नोटिस जारी किए जाएंगे, उनके पास पार्किंग के प्रावधान के बारे में भी पूछा जाएगा।
उधर, बैठक के दौरान एक अहम मुद्दे ने भी नगर परिषद का ध्यान खींचा, वार्ड 17 के पार्षद ने बताया कि शहर में गाड़ी मॉडिफाई करवाकर फड़ी लगाकर खाद्य पदार्थ बेचने वाले से 10 हजार रुपये फीस वसूली जा रही है जबकि शराब बेचने वालों की फीस 35 सौ रुपये सालाना है। उन्होंने कहा कि गरीब दिहाड़ी लगाने वालों के साथ नाइंसाफी क्यूं की जा रही है। अध्यक्ष राजिंद्र सिंह बब्बी ने इस संबंध में नगर परिषद के अधिकारियों से जानकारी ली, उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले रेट संशोधित किए गए थे, जिसमें शराब और बार के 10 हजार सालाना नगर परिषद की फीस को घटा दिया गया है। अध्यक्ष ने इसके दस्तावेज भी तलब किए हैं। उधर, मौजूद विभिन्न वार्ड के पार्षदों ने अपनी गली, नाले, पैसेेंजर शेड आदि की समस्याएं भी उजागर की। ज्ञात रहे कि शनिवार को आयोजित बैठक नए अध्यक्ष राजिंद्र सिंह बब्बी की अध्यक्षता में दूसरी हाउस मीटिंग थी। इससे पहले कई महीनों से हाउस मीटिंग बंद थी। वहीं पूर्व में आयोजित हाउस मीटिंग और इसके फैसलों को सार्वजनिक नहीं किया जाता था।