हीरानगर। मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे बिजली कर्मियों के समर्थन में कांग्रेस ने दीप चौक में सोमवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ब्लाक महासचिव रमेश कुंडल ने कहा केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। खुद को जम्मू के ठेकेदार कहने वाले भाजपा के नेताओं को भी अब यहां के लोगों से कोई सरोकार नहीं रहा। अगर होता तो इस तरह का माहौल न बनता।
उन्होंने कहा विद्युत विभाग के कर्मचारी जायज मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं जिनका हम भी पूरा समर्थन करते हैं। उन्हें अपने हक के लिए जब तक लड़ना पड़ा हम उनके साथ रहेंगे। लोगों से भी अपील करते हैं कि निजीकरण के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ें। प्रदर्शन में कांग्रेसी ओबीसी विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष सोमनाथ वर्मा, मुराद अली, चंदू राम, मंगलनाथ, सदीक अली, राम जी शर्मा, अशोक भगत आदि शामिल रहे।