संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोट। कस्बे में एसबीआई का एटीएम करीब एक महीने से खराब पड़ा है। इस वजह से लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं। दरअसल, पुराना एटीएम खराब होने के बाद बैंक ने नया एटीएम लगाने का काम शुरू किया गया था लेकिन एक माह बाद भी ये पूरा नहीं हुआ और एटीएम बंद अवस्था में है।
रोजाना पैसा निकलवाने के लिए सैकड़ों लोग धार सड़क किनारे रामकोट स्थित एटीएम पर पहुंचते हैं लेकिन मशीन बंद होने की वजह से वह खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी मोहनलाल ने बताया कि नजदीक में कोई भी एटीएम नहीं होने के कारण करीब पांच किलोमीटर दूर लोगों को नगरोटा गुजरू स्थित एटीएम में जाना पड़ रहा है। इससे लोगों को आवागमन में काफी समय लग जाता है और पैसे अलग से खर्च हो रहे हैं। सौरभ कुमार, राम सिंह, गणेश कुमार, शिविक आदि ने बंद पड़े एसबीआई के एटीएम को जल्द शुरू करने की मांग की है।