कठुआ/बिलावर। आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ. अनिल कांत गुप्ता और एडीएमओ कठुआ डॉ. विक्रम जम्वाल ने शनिवार को बिलावर उपजिला की विभिन्न आयुर्वेदिक डिस्पेंसरियों का औचक निरीक्षण किया। गलक, नगरोटा गुजरू, गुड़ा कल्याल, परनाला और सियालना स्थित डिस्पेंसरियों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने तैनात स्टाफ को जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए। वहीं, गुड़ा कल्याल में आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी पर दोपहर को ताला लटका होने पर अधिकारी भी हैरान रह गए। डॉक्टर सहित सहायक स्टाफ भी गैर हाजिर था। अधिकारियों ने मौके पर ही डॉक्टर सहित स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के उप निदेशक ने बताया कि आयुष विभाग आधुनिक युग में जन-जन को रोग मुक्त करने के लिए कमर कसे हुए है तथा हर किसी को आयुष से लाभ पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। गुड़ा कल्याल डिस्पेंसरी पर पाई गई तालाबंदी को गंभीरता से लिया गया है और मामले की जांच की जाएगी।